गंगापुर सिटी में 30-31 जुलाई को होगा तृतीय श्याम पाटोत्सव, आमसभा में विकास और व्यवस्थाओं पर अहम फैसले
गंगापुर सिटी में श्री श्याम सेवा धाम समिति की आमसभा में 30-31 जुलाई को तृतीय श्याम पाटोत्सव, मंदिर विकास, आय-व्यय और व्यवस्थाओं को लेकर कई अहम निर्णय लिए गए।

गंगापुर सिटी के मंदिर में फूलों और मोरपंख से विशेष रूप से श्रृंगारित की गई बाबा श्याम की मूर्ति।
गंगापुर सिटी में श्री श्याम सेवा धाम समिति की आमसभा समिति अध्यक्ष राजेंद्र दुसाद की उपस्थिति में सम्पन्न हुई। बैठक में सर्वसम्मति से आगामी 30 एवं 31 जुलाई को बाबा श्याम का तृतीय श्याम पाटोत्सव भव्य एवं धार्मिक गरिमा के साथ आयोजित करने का निर्णय लिया गया। सभा की अध्यक्षता दिनेश करणपुर वालों ने की।
बैठक में तय किया गया कि पाटोत्सव के दौरान बाबा श्याम का अभिषेक, रामायण पाठ, मंदिर का भव्य श्रृंगार, छप्पन भोग, आकर्षक झांकियां सहित विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। आयोजन की सभी व्यवस्थाओं को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए समिति के विभिन्न सदस्यों को अलग-अलग जिम्मेदारियां भी सौंपी गईं।
समिति के कोषाध्यक्ष कृष्ण कुमार गोयल ने 1-1-21 को निर्माण शुरू होने से लेकर 31-3-26 तक का सम्पूर्ण आय-व्यय का विस्तृत लेखा-जोखा आमसभा के समक्ष प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि मंदिर के समस्त व्यय से संबंधित सभी प्रकार के वाउचर मंदिर कार्यालय में मुनीम के पास उपलब्ध हैं, जिनका कोई भी ट्रस्टी आकर अवलोकन कर सकता है। साथ ही समस्त दान की रसीदें भी कार्यालय में सुरक्षित रखी गई हैं और उनके अवलोकन की व्यवस्था उपलब्ध है। प्रस्तुत आय-व्यय के पूरे हिसाब को उपस्थित आमसभा ने सर्वसम्मति से पारित किया। इसके बाद समिति सचिव वीरेंद्र अग्रवाल ने पिछली आमसभा की कार्यवाही का वाचन किया, जिसे भी सदन ने सर्वसम्मति से अनुमोदित किया।
उपाध्यक्ष मनीष सागवान ने मंदिर परिसर में प्रस्तावित निर्माण एवं विकास कार्यों पर विस्तार से चर्चा करते हुए निर्माण कार्यों को उच्च गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूर्ण कराने पर जोर दिया। उपस्थित सदस्यों ने भी गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निर्माण कार्य कराने का समर्थन किया।
बैठक के दौरान सतीश धर्म कांटा एवं अन्य सदस्यों ने समिति के प्रत्येक सदस्य के लिए वार्षिक सदस्यता शुल्क निर्धारित करने का प्रस्ताव रखा, जिसका उपस्थित सदस्यों ने समर्थन किया। समिति अध्यक्ष राजेंद्र दुसाद ने सभी ट्रस्टियों का विस्तृत रिकॉर्ड तैयार करने का प्रस्ताव रखा। इसके तहत प्रत्येक ट्रस्टी का व्यक्तिगत विवरण, उत्तराधिकारी की जानकारी एवं अन्य आवश्यक अभिलेख समिति कार्यालय में सुरक्षित रखने का निर्णय लिया गया।
बैठक में संजय ठीकरिया ने एकादशी पर उमड़ने वाली भारी श्रद्धालु भीड़ को देखते हुए समिति के सभी कार्यकारिणी सदस्यों एवं ट्रस्टियों से विशेष रूप से एकादशी के दिन सेवा देने का आग्रह किया, ताकि श्रद्धालुओं के लिए दर्शन, प्रसाद, पार्किंग एवं अन्य सभी व्यवस्थाएं सुचारु एवं व्यवस्थित रूप से संचालित की जा सकें। इस प्रस्ताव का भी उपस्थित सदस्यों ने समर्थन किया।
आमसभा में गिरधारी ठेकेदार, सतीश धर्म कांटा, सुरेश कोचिंग, संजय ठीकरिया, गोविंद मालदानी, रामकिशोर कटारिया, दीपक सलेमपुर, डॉ. सीताराम, कमलेश गोयल, विजय नरुका, रामप्रकाश मीणा, नंदू धोलेता, चंदू गोयल, राजेंद्र गुप्ता सहित समिति के अनेक सदस्य उपस्थित रहे। अंत में समिति अध्यक्ष राजेंद्र दुसाद ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए आगामी तृतीय श्याम पाटोत्सव को सफल बनाने के लिए सभी से तन, मन एवं धन से सहयोग करने का आह्वान किया।

Madan Mohan Garg(Gangapur City)
नाम: मदन मोहन गर्ग
वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (दैनिक प्रातःकाल, गंगापुर सिटी)
कार्यक्षेत्र: गंगापुर सिटी विधानसभा क्षेत्र सहित सवाई माधोपुर और करौली जिला
बीट: प्रशासनिक समाचार, सामाजिक कार्यक्रम, जनसमस्याएं एवं सभी क्षेत्र
परिचय
मदन मोहन गर्ग राजस्थान के गंगापुर सिटी क्षेत्र के वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'दैनिक प्रातःकाल' में गंगापुर सिटी के ब्यूरो चीफ के रूप में कार्यरत हैं। उनका मुख्य कार्यक्षेत्र गंगापुर सिटी विधानसभा सहित सवाई माधोपुर और करौली जिला है। वह स्थानीय जनसमस्याओं, प्रशासनिक गतिविधियों, सरकारी योजनाओं और सामाजिक कार्यक्रमों सहित सभी क्षेत्रों की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव
मदन मोहन गर्ग को क्षेत्रीय पत्रकारिता का लंबा अनुभव है। वह साल 2015 से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' समाचार पत्र से जुड़े हुए हैं और क्षेत्र में समाचार संकलन व ब्यूरो संचालन का कार्य संभाल रहे हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
वह उच्च शिक्षित हैं और उनकी शैक्षणिक योग्यता इस प्रकार है:
- बी.ए. (B.A.) और बी.एड. (B.Ed.)
- एम.ए. (M.A.) और एम.एड. (M.Ed. - मास्टर ऑफ एजुकेशन)
