नगर निकाय चुनाव में भाजपा समेत सभी दलों के बहिष्कार का ऐलान, अग्रवाल समाज की महापंचायत
गंगापुर सिटी में अग्रवाल समाज समिति ने भाजपा-कांग्रेस समेत सभी दलों के बहिष्कार का निर्णय लिया। 25 अगस्त को सवर्ण समाज की महापंचायत होगी।

तस्वीर में गंगापुर सिटी में अग्रवाल धर्मशाला ट्रस्ट में आयोजित बैठक के दौरान सवर्ण समाज के लोग चर्चा करते हुए दिखाई दे रहे हैं।
गंगापुर सिटी में सवर्ण समाज ने आगामी नगर निकाय चुनावों में भाजपा, कांग्रेस सहित सभी राजनीतिक दलों का विरोध और बहिष्कार करने का निर्णय लिया है। अग्रवाल समाज समिति की सोमवार रात्रि 8:00 बजे अग्रवाल धर्मशाला ट्रस्ट में आयोजित बैठक में यह निर्णय लिया गया। बैठक में कहा गया कि सवर्ण समाज और उनके बच्चों से जुड़े यूजीसी एक्ट तथा ईडब्ल्यूएस में राजनीतिक आरक्षण नहीं दिए जाने के मुद्दे पर सभी राजनीतिक दल मौन हैं और वोट की राजनीति कर रहे हैं।
बैठक में उपस्थित सदस्यों ने कहा कि आगामी नगर निकाय चुनाव, पंचायत राज चुनाव, विधानसभा और लोकसभा चुनाव में किसी भी राजनीतिक दल को सवर्ण समाज द्वारा वोट नहीं दिया जाएगा। इसके बजाय सवर्ण समाज निर्दलीय उम्मीदवार को समर्थन देगा। इस निर्णय को लेकर समाज की महापंचायत आयोजित करने की बात भी रखी गई।
समाज के जिला अध्यक्ष गोविंद प्रसाद बरनाला ने कहा कि 25 अगस्त मंगलवार को शाम 7:00 बजे भगवती पैलेस में सवर्ण समाज की महापंचायत होने जा रही है। उन्होंने अग्रवाल समाज के अधिक से अधिक बंधुओं से इसमें पहुंचने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भाजपा पार्टी सवर्ण समाज के खिलाफ तरह-तरह के कानून लाकर समाज और समाज के बच्चों का भविष्य तबाह करने पर तुली है। संसद में बैठे कांग्रेस पार्टी सहित अन्य पार्टियों के सांसद और नेताओं ने भी इस मामले पर चुप्पी साध रखी है। इसे सवर्ण समाज बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करेगा।
गोविंद प्रसाद बरनाला ने कहा कि आने वाले नगर निकाय चुनाव, पंचायत राज चुनाव, विधानसभा और लोकसभा चुनावों में सभी राजनीतिक दलों का बहिष्कार कर उन्हें वोट नहीं दिया जाएगा तथा सवर्ण समाज निर्दलीय उम्मीदवार को समर्थन देगा।
समाज के पूर्व अध्यक्ष घनश्याम दास बजाज ने कहा कि सभी पार्टियों द्वारा सत्ता में कायम रहने के लिए वोट की राजनीति की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सवर्ण समाज के बच्चों पर यूजीसी एक्ट लाकर उनके भविष्य और जीवन को खराब करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि 80 साल के इतिहास में ऐसा कभी नहीं हुआ। भारतीय जनता पार्टी ने सत्ता के लोभ में अपना जमीर तक गिरवी रख दिया है, लेकिन अब समाज जागरूक हो गया है और जुल्म नहीं सहेगा। उन्होंने कहा कि आने वाले चुनाव में सभी पार्टियों का विरोध कर बहिष्कार किया जाएगा।
बैठक में महेंद्र गर्ग, राधा मोहन गोयल, वेद प्रकाश मंगल, मोहनलाल कुनकटा, गोपाल सेवा, दिनेश चंद, विष्णु, अशोक मंगल, ओम प्रकाश, मुकेश चंद, मोहनलाल ठेकेदार और महेश चंद सर्वेयर सहित अन्य सदस्यों ने भी अपने विचार रखे।
वक्ताओं ने कहा कि 80 साल में देश में समान कानून लागू नहीं हो सका। उनके अनुसार आरक्षण दलितों को देश और समाज की मुख्यधारा से जोड़ने तथा उनके उत्थान के लिए लाया गया था। लोकसभा में बाबा साहब भीमराव अंबेडकर एवं उस कमेटी, जिसमें सवर्ण समाज के नेता, सांसद और प्रतिनिधि शामिल थे, ने आरक्षण लागू किया था। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा सहित राजनीतिक पार्टियों ने संविधान का मजाक बनाकर उसे तोड़-मरोड़ दिया है और अपने-अपने फायदे के लिए तरह-तरह के कानून लाकर देश में जाति को जाति से लड़ाने तथा भ्रामकता फैलाने का काम किया है।
वक्ताओं ने कहा कि देश में विघटन की स्थिति पैदा कर दी गई है। उन्होंने यूजीसी एक्ट को काला कानून बताते हुए कहा कि इसे किसी ने नहीं मांगा। उनका कहना था कि 80 साल बाद भी यह स्पष्ट नहीं है कि देश में कौन प्रताड़ित हो रहा है और कौन नहीं, जबकि सवर्ण समाज स्वयं को प्रताड़ित महसूस कर रहा है। वक्ताओं ने कहा कि इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
बैठक में उपस्थित सदस्यों ने आगामी चुनावों में सभी राजनीतिक दलों को वोट नहीं देने, विरोध और बहिष्कार के माध्यम से संदेश देने पर सहमति जताई। इस मौके पर समाज के अनेक गणमान्य बंधु उपस्थित रहे।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
