नगर परिषद् गंगापुर सिटी में सभापति कृष्ण कुमार गोयल के आदेशानुसार स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 एवं स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत सफाई मित्रों की सुरक्षा एवं क्षमता संवर्धन के लिए विशेष कार्यशाला आयोजित की गई। नगर परिषद् सभागार में आयोजित कार्यशाला का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस दौरान सफाई मित्रों एवं उपस्थित अतिथियों का स्वागत किया गया और कार्यक्रम में शामिल सभी सफाई मित्रों का परिचय लिया गया।

कार्यशाला में घर-घर कचरा संग्रहण कार्य से जुड़े ऑटो टिपर ड्राइवर, हेल्पर एवं सफाई मित्रों को कार्य के दौरान सुरक्षा, स्वच्छता एवं स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। टीम ने सफाई मित्रों को व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण पीपीई किट के महत्व के बारे में विस्तार से समझाया। सफाई कार्य के दौरान दस्ताने, सुरक्षा बूट, जैकेट एवं हेलमेट सहित आवश्यक सुरक्षा उपकरणों का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। बताया गया कि सुरक्षा उपकरणों का नियमित उपयोग कार्य के दौरान संभावित दुर्घटनाओं एवं स्वास्थ्य संबंधी जोखिमों से बचाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

कार्यशाला में सेप्टिक टैंक की सफाई के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में भी जागरूक किया गया। सफाई मित्रों को बताया गया कि सेप्टिक टैंक की सफाई मशीन के माध्यम से ही करवाई जानी चाहिए और किसी भी परिस्थिति में व्यक्ति को सेप्टिक टैंक के अंदर जाकर सफाई नहीं करनी चाहिए, क्योंकि टैंक के अंदर मौजूद जहरीली गैसों से जान का गंभीर खतरा हो सकता है।

प्रोजेक्टर के माध्यम से स्वच्छ सर्वेक्षण की शुरुआत, उद्देश्य एवं स्वच्छता के क्षेत्र में इसके महत्व की जानकारी दी गई। साथ ही स्वच्छ सर्वेक्षण 2022 और स्वच्छ सर्वेक्षण 2023 के दौरान नगर परिषद् गंगापुर सिटी द्वारा हासिल की गई उपलब्धियों एवं बेहतर प्रदर्शन के बारे में सफाई मित्रों को बताया गया। उन्हें बताया गया कि नगर परिषद् की इन उपलब्धियों में सफाई मित्रों, नगर परिषद् कर्मचारियों एवं आमजन की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में शहर को और बेहतर प्रदर्शन की ओर ले जाने के लिए सभी सफाई मित्रों को प्रेरित किया गया।

नगर परिषद् गंगापुर सिटी आयुक्त दीपक चौहान ने बताया कि स्वच्छता केवल एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि सफाई मित्रों की मेहनत, नगर परिषद् की व्यवस्थाओं एवं आमजन की सहभागिता मिलकर शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। नगर परिषद् द्वारा आयोजित की जा रही विभिन्न आईईसी गतिविधियों के माध्यम से आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के प्रयासों की जानकारी भी सफाई मित्रों को दी गई।

सफाई मित्रों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कार्यशाला के दौरान हेल्थ चेकअप कैंप भी आयोजित किया गया। इसमें सफाई मित्रों के स्वास्थ्य की जांच की गई तथा उन्हें स्वास्थ्य एवं व्यक्तिगत स्वच्छता के संबंध में आवश्यक जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं सफाई मित्रों ने मिलकर स्वच्छता शपथ ली। सभी ने अपने कार्यस्थल, शहर एवं आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने और आमजन को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।

नगर परिषद् गंगापुर सिटी द्वारा क्षमता संवर्धन, सुरक्षा एवं जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से सफाई मित्रों की सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं कार्यक्षमता बढ़ाने के साथ-साथ स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में बेहतर प्रदर्शन और शहर में स्वच्छता के प्रति जनभागीदारी को मजबूत करने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है।

Madan Mohan Garg(Gangapur City)

Madan Mohan Garg(Gangapur City)

नाम: मदन मोहन गर्ग

वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (दैनिक प्रातःकाल, गंगापुर सिटी)

कार्यक्षेत्र: गंगापुर सिटी विधानसभा क्षेत्र सहित सवाई माधोपुर और करौली जिला

बीट: प्रशासनिक समाचार, सामाजिक कार्यक्रम, जनसमस्याएं एवं सभी क्षेत्र

परिचय 

मदन मोहन गर्ग राजस्थान के गंगापुर सिटी क्षेत्र के वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'दैनिक प्रातःकाल' में गंगापुर सिटी के ब्यूरो चीफ के रूप में कार्यरत हैं। उनका मुख्य कार्यक्षेत्र गंगापुर सिटी विधानसभा सहित सवाई माधोपुर और करौली जिला है। वह स्थानीय जनसमस्याओं, प्रशासनिक गतिविधियों, सरकारी योजनाओं और सामाजिक कार्यक्रमों सहित सभी क्षेत्रों की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव

मदन मोहन गर्ग को क्षेत्रीय पत्रकारिता का लंबा अनुभव है। वह साल 2015 से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' समाचार पत्र से जुड़े हुए हैं और क्षेत्र में समाचार संकलन व ब्यूरो संचालन का कार्य संभाल रहे हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

वह उच्च शिक्षित हैं और उनकी शैक्षणिक योग्यता इस प्रकार है:

  • बी.ए. (B.A.) और बी.एड. (B.Ed.)
  • एम.ए. (M.A.) और एम.एड. (M.Ed. - मास्टर ऑफ एजुकेशन)

Next Story