गंगापुर सिटी में पुलिस थाना उदई मोड़ की पहल पर चलाए जा रहे जीवन रक्षा-सड़क सुरक्षा अभियान के तहत उदेई मोड़ पर जीपीएस स्कूल के विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से सड़क सुरक्षा का प्रभावी संदेश दिया। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने आमजन को यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक करते हुए कार्यक्रम को आकर्षण का केंद्र बना दिया।

कार्यक्रम के दौरान जीपीएस स्कूल के विद्यार्थियों ने विभिन्न विषयों पर आधारित नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, ट्रैफिक संकेतों का पालन करने तथा सड़क पर सावधानी बरतने की आवश्यकता को सरल और रोचक अंदाज में समझाया। बच्चों ने अपने अभिनय और संवादों के जरिए बताया कि यातायात नियमों की पालना से सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है और लोगों का जीवन सुरक्षित बनाया जा सकता है।

थाना प्रभारी बृजेश तंवर ने बताया कि कार्यक्रम में जीपीएस स्कूल के करीब 25 से 30 विद्यार्थी एवं शिक्षक शामिल हुए। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग मौके पर मौजूद रहे। उपस्थित लोगों ने बच्चों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम के अंत में पुलिस प्रशासन ने आमजन से सुरक्षित यातायात नियम अपनाने की अपील करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा केवल नियम नहीं, बल्कि प्रत्येक व्यक्ति के जीवन की सुरक्षा से जुड़ा महत्वपूर्ण दायित्व है। बच्चों द्वारा प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक ने सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता का संदेश प्रभावी ढंग से लोगों तक पहुंचाया।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story