गंगापुर सिटी में सार्वजनिक निर्माण विभाग द्वारा निर्मित तहसील भवन से मंगलम होटल वाया खाटू श्याम जी मंदिर तक बनाई गई नई सड़क की गुणवत्ता की जांच के लिए भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक मानसिंह गुर्जर ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। सड़क निर्माण की मजबूती और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सड़क की कोर कटिंग कर तकनीकी परीक्षण कराया गया।

निरीक्षण के दौरान मानसिंह गुर्जर ने कहा कि प्रदेश सरकार विकास कार्यों में पारदर्शिता और गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। आमजन को बेहतर, सुरक्षित और टिकाऊ सड़क सुविधा उपलब्ध कराना सरकार का संकल्प है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनहित से जुड़े किसी भी कार्य में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा तथा निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप होना आवश्यक है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी की जाए और तकनीकी मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि भविष्य में आमजन को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। सड़क की तकनीकी जांच के दौरान विशेषज्ञों ने सड़क की मोटाई और गुणवत्ता से जुड़े विभिन्न मानकों की जांच की।

इस दौरान अधिशासी अभियंता बदन सिंह गुर्जर, कनिष्ठ अभियंता राजाराम मीणा, भाजपा जिला उपाध्यक्ष दीपक सिंघल, महेश अरेड़या, विजय गोयल, अंकित गोयल, राहुल गर्ग, संवेदक पटेल कंस्ट्रक्शन कंपनी के प्रतिनिधि, पत्रकार बंधु तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। आमजन ने भी सड़क निर्माण कार्य की गुणवत्ता जांच को सराहनीय पहल बताया।

मानसिंह गुर्जर ने कहा कि विकास कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखना ही सुशासन की पहचान है और भाजपा सरकार आमजन के विश्वास पर पूरी तरह खरा उतरने का कार्य कर रही है। सड़क निर्माण की तकनीकी जांच और गुणवत्ता परीक्षण को लेकर यह कार्रवाई क्षेत्र में पारदर्शी विकास कार्यों की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story