सवाई माधोपुर, 19 नवम्बर। नीति आयोग, भारत सरकार की महत्वाकांक्षी पहल ‘आशान्वित ब्लॉक’ कार्यक्रम में गंगापुर सिटी ने एक और उपलब्धि दर्ज की है। सितम्बर 2025 की रैंकिंग में जिले का गंगापुर सिटी ब्लॉक जोन-4 में प्रथम स्थान और राष्ट्रीय स्तर पर तृतीय स्थान हासिल करते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन का परिचायक बना। इस उत्कृष्टता के पुरस्कार स्वरूप ब्लॉक को 1.5 करोड़ रुपये का अनुदान भी प्रदान किया गया है, जो स्थानीय विकास कार्यों को नई दिशा देने में सहायक होगा।

गंगापुर सिटी की यह सफलता स्वास्थ्य एवं पोषण, शिक्षा, कृषि, आधारभूत संरचना, वित्तीय समावेशन और सामाजिक विकास सहित कुल 39 परिणाम-आधारित संकेतकों में उल्लेखनीय सुधारों का परिणाम है। विभिन्न विभागों, फ्रंटलाइन कार्यकर्ताओं, पंचायत प्रतिनिधियों और जिला प्रशासन के समन्वित प्रयासों ने इस प्रदर्शन को संभव बनाया।

इस अवसर पर जिला कलक्टर काना राम और मुख्य कार्यकारी अधिकारी गौरव बुडानिया ने मुख्य आयोजन अधिकारी विजेन्द्र जाट, उपखंड अधिकारी गंगापुर सिटी बृजेन्द्र मीना, ब्लॉक विकास अधिकारी डॉ. जगदीश गुर्जर, ब्लॉक फेलो यशस्वी अग्रवाल और गंगापुर सिटी टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह रैंकिंग जमीनी स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन, सतत निगरानी, डेटा-आधारित योजना निर्माण और बेहतर समन्वय का प्रमाण है। प्रशासन आगामी महीनों में सेवा प्रदायगी की गुणवत्ता बढ़ाने और विकास संकेतकों में स्थायी सुधार लाने के लिए प्रतिबद्ध रहेगा।

नीति आयोग की ‘आशान्वित ब्लॉक’ पहल देश के पिछड़े क्षेत्रों में समग्र विकास को गति देने का महत्वपूर्ण कार्यक्रम है। गंगापुर सिटी की यह उपलब्धि न केवल स्थानीय प्रशासन और जनता के सहयोग का परिणाम है, बल्कि जिले में सकारात्मक परिवर्तन और विकास की मजबूत तस्वीर भी पेश करती है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story