राष्ट्रीय टीबी उन्मूलन अभियान के तहत पश्चिम मध्य रेलवे के कोटा मंडल ने टीबी मुक्त भारत के संकल्प को मजबूती देते हुए 20 मई 2026 को उप मंडल रेल चिकित्सालय, गंगापुर सिटी में स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम विशेष रूप से वरिष्ठ अनुभाग अभियंता/पीवे कार्यालय के कर्मचारियों के लिए आयोजित किया गया, जिसमें 40 रेल कर्मचारियों ने भाग लिया।

कार्यक्रम का आयोजन डॉ. सत्यवीर डूडी के मार्गदर्शन में सम्पन्न हुआ। इस दौरान मुख्य वक्ता डॉ. मोहम्मद अंसारी ने कर्मचारियों को क्षय रोग (टीबी) के कारण, लक्षण, बचाव और समय पर उपचार की आवश्यकता के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि टीबी की शीघ्र पहचान और नियमित उपचार से इस बीमारी पर प्रभावी नियंत्रण संभव है।

कार्यक्रम में समन्वयक क्षय रोग श्री भरतलाल शर्मा ने क्षय रोग की जांच और उपचार से संबंधित नवीनतम सरकारी दिशा-निर्देशों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा वर्तमान में क्षय रोगियों और आशा वर्कर को उपचार अवधि के दौरान प्रतिमाह प्रोत्साहन राशि उपलब्ध कराई जा रही है। साथ ही “निक्षय मित्र” की अवधारणा को भी विस्तार से समझाया गया, जो टीबी मरीजों को सामाजिक और पोषण संबंधी सहायता प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया कि कार्यस्थल पर स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाकर रेल कर्मचारियों और उनके परिवारों को टीबी मुक्त जीवन उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य के तहत राष्ट्रीय लक्ष्य “2025 तक टीबी मुक्त भारत” को सफल बनाने के लिए लगातार जागरूकता और स्वास्थ्य कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story