अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत राजस्थान के इस प्रमुख स्टेशन का पुनर्विकास कार्य अंतिम चरण में है, जिससे यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं और सुगम आवागमन मिलेगा।

राजस्थान के सवाई माधोपुर जिले में स्थित गांगापुर सिटी रेलवे स्टेशन, जो दिल्ली–मुंबई मुख्य रेल मार्ग पर एक महत्वपूर्ण पारगमन केंद्र के रूप में स्थापित है, अब व्यापक पुनर्विकास के बाद आधुनिकता के नए प्रतीक के रूप में उभरने की ओर अग्रसर है। क्षेत्र के प्रमुख रेलवे केंद्र के रूप में पहचान रखने वाला यह स्टेशन दिल्ली, मुंबई, जयपुर, कोटा, आगरा, उदयपुर, अमृतसर सहित देश के अन्य प्रमुख शहरों से सीधे रेल संपर्क से जुड़ा हुआ है। NSG-3 श्रेणी में वर्गीकृत इस व्यस्त स्टेशन से प्रतिदिन 150 से अधिक ट्रेनों का संचालन होता है।

भारत सरकार की महत्वाकांक्षी अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत इस स्टेशन का पुनर्विकास लगभग 34.48 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है। रेल मंत्रालय द्वारा दिसंबर 2022 में प्रारंभ की गई इस योजना का उद्देश्य देशभर के 1,337 रेलवे स्टेशनों को दीर्घकालिक मास्टर प्लान के तहत चरणबद्ध रूप से आधुनिक, यात्री-अनुकूल और सुविधासंपन्न केंद्रों में विकसित करना है। इसी क्रम में गांगापुर सिटी स्टेशन का कायाकल्प तीव्र गति से जारी है और पुनर्विकास कार्य लगभग पूर्णता की ओर पहुंच चुका है।

पुनर्विकास कार्यों के तहत स्टेशन के बुनियादी ढांचे को उच्चस्तरीय स्वरूप प्रदान किया गया है। स्टेशन भवन का पूर्ण नवीनीकरण कर मुख्य प्रवेश और निकास द्वारों को आकर्षक और भव्य बनाया गया है। प्लेटफॉर्म पर नए शेड स्थापित किए गए हैं, आधुनिक बैठने की व्यवस्था विकसित की गई है और उच्च स्तरीय प्लेटफॉर्म सरफेसिंग का कार्य पूर्ण किया जा चुका है। यात्रियों को सटीक जानकारी उपलब्ध कराने के लिए आधुनिक कोच पोजिशन डिस्प्ले सिस्टम, डिजिटल सूचना बोर्ड और उन्नत पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम स्थापित किए गए हैं। सर्कुलेटिंग एरिया का सौंदर्यीकरण कर पार्किंग व्यवस्था को व्यवस्थित रूप दिया गया है।

दिव्यांगजनों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए स्टेशन को पूर्णतः ‘दिव्यांगजन फ्रेंडली’ बनाया गया है। इसके अंतर्गत टैक्टाइल पाथ, रैंप, कम ऊंचाई वाले टिकट काउंटर, विशेष वाटर बूथ और समर्पित पार्किंग स्थल विकसित किए गए हैं। यात्रियों के लिए आधुनिक प्रतीक्षालय, स्वच्छ शौचालय और रिफ्रेशमेंट सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। प्लेटफॉर्मों के बीच सुगम और सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने के लिए लिफ्ट और फुटओवर ब्रिज स्थापित किए गए हैं। उन्नत प्रकाश व्यवस्था और आकर्षक पेंटिंग से स्टेशन परिसर को नया और भव्य स्वरूप प्रदान किया गया है।

शेष कार्यों को गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ पूर्ण करने के लिए युद्धस्तर पर प्रयास जारी हैं। शीघ्र ही इस स्टेशन को उसके नवीन और आधुनिक स्वरूप में यात्रियों को समर्पित किया जाएगा। यह पुनर्विकास न केवल यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और अनुभव को बेहतर बनाएगा, बल्कि क्षेत्र में पर्यटन, व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति प्रदान करेगा।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक/जन सम्पर्क अधिकारी, कोटा।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story