भीषण गर्मी के बीच रेलवे स्टेशन पर पिछले 18 वर्षों से निरंतर संचालित निशुल्क शीतल जल सेवा अभियान अब सामाजिक सहभागिता का व्यापक उदाहरण बनता जा रहा है। दिगंबर जैन सोशल ग्रुप गंगापुर सिटी के इस जनसेवी अभियान से शहर की विभिन्न संस्थाएं जुड़ रही हैं। इसी कड़ी में गुरुवार को अपना घर सेवा समिति के दर्जनों सदस्य रेलवे स्टेशन पहुंचे और जल सेवा अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाई।

रेलवे स्टेशन परिसर में समिति के सदस्यों ने यात्रियों को शीतल जल पिलाकर सेवा कार्य में सहयोग किया तथा अभियान की व्यवस्थाओं का अवलोकन भी किया। “ठंडा पानी... निशुल्क जल सेवा” के संदेश के साथ यात्रियों तक पहुंचकर उन्हें राहत प्रदान करने का प्रयास किया गया। भीषण गर्मी के बीच यह सेवा कार्य यात्रियों के लिए राहत का माध्यम बना, वहीं स्वयंसेवकों के लिए भी संतोष और आनंद का अवसर साबित हुआ।

इस अवसर पर अपना घर सेवा समिति के क्षेत्रीय अध्यक्ष रमेश चन्द गुप्ता पट्टीवाले ने कहा कि जलसेवा के 18 वर्ष किसी भी सामाजिक अभियान के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि हैं और ऐसे कार्य दृढ़ संकल्प एवं निरंतर सेवा भावना से ही संभव हो पाते हैं। समिति के संरक्षक मोतीलाल रावत ने इस प्रयास को प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि युवाओं और बच्चों की भागीदारी समाज के लिए सकारात्मक संदेश देती है। समिति अध्यक्ष अशोक कुमार बंसल ने भी अभियान की सराहना करते हुए इसके सामाजिक महत्व को रेखांकित किया।

दिगंबर जैन सोशल ग्रुप के संयोजक विमल जैन गोधा, अध्यक्ष नरेंद्र जैन नृपत्या तथा जल सेवा संयोजक धर्मेंद्र जैन पांड्या सहित अन्य पदाधिकारियों ने अपना घर सेवा समिति के अभिषेक रावत, राजेश गुप्ता, अशोक शर्मा, गोविंद मालधनी एवं अन्य सदस्यों का माला पहनाकर और तिलक लगाकर स्वागत-अभिनंदन किया।

कार्यक्रम के दौरान दीपक पाटनी, धर्मेंद्र गंगवाल, जितेंद्र गोयल, कुलदीप गोयल, मुकेश अग्रवाल, महेश निशा पांड्या, नीरु पाटनी, हेमलता जैन, सुनीता कठूमर, निधि वैद, कृतिका सोनी, रेनू आर्य और पूजा खंडेलवाल सहित दोनों संगठनों के अनेक सदस्य उपस्थित रहे। सामाजिक सहयोग और जनसेवा की भावना से संचालित यह अभियान न केवल यात्रियों को राहत प्रदान कर रहा है, बल्कि विभिन्न संगठनों को एक मंच पर जोड़कर सामूहिक सेवा की मिसाल भी प्रस्तुत कर रहा है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story