गंगापुर सिटी में दिगंबर जैन सोशल ग्रुप की 18 वर्षों से जारी निःशुल्क जल सेवा 15 जुलाई तक चलेगी। रेलवे स्टेशन पर रोज यात्रियों को शीतल जल उपलब्ध कराया जा रहा है।

गंगापुर सिटी रेलवे स्टेशन पर रेल यात्रियों के लिए दिगंबर जैन सोशल ग्रुप द्वारा संचालित निःशुल्क शीतल जल सेवा का पुनीत अभियान लगातार जारी है। भीषण उमस, पसीने वाली गर्मी और बीच-बीच में हो रही वर्षा के बावजूद ग्रुप के महिला एवं पुरुष कार्यकर्ता प्रतिदिन सायंकाल पूरे उत्साह और सेवा भाव के साथ रेलवे स्टेशन पहुंचकर यात्रियों को शीतल जल उपलब्ध करा रहे हैं।

दिगंबर जैन सोशल ग्रुप के अध्यक्ष नरेंद्र जैन नृपत्या ने बताया कि रेलवे प्रशासन द्वारा इस वर्ष 15 जुलाई तक जल सेवा की अनुमति प्रदान की गई है। यह सेवा 1 मई से प्रारंभ हुई थी। उल्लेखनीय है कि दिगंबर जैन सोशल ग्रुप पिछले 18 वर्षों से लगातार इस जनसेवा अभियान का सफलतापूर्वक संचालन कर रहा है।

जल सेवा अभियान का संचालन संयोजक धर्मेंद्र जैन पांड्या, सह-संयोजक दीपक गोयल एवं योगेंद्र जैन के नेतृत्व में किया जा रहा है। प्रतिदिन कई दर्जन कार्यकर्ता इस सेवा में अपना समय देकर रेल यात्रियों की प्यास बुझाने का कार्य कर रहे हैं।

समय-समय पर ग्रुप के संस्थापक अध्यक्ष सुमेर जैन सोनी, रीजन उपाध्यक्ष विमल जैन गोधा, सचिव महेश जैन तथा कोषाध्यक्ष सुभाष जैन सोगानी सहित ग्रुप के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं लीडर्स भी जल सेवा स्थल पर पहुंचकर कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करते हैं और सेवा कार्य की समीक्षा भी करते हैं।

इस सेवा अभियान में महिलाओं एवं बच्चों की सहभागिता भी उल्लेखनीय बनी हुई है। उनका समर्पण और उत्साह अभियान को निरंतर गति प्रदान कर रहा है। वहीं, रेल यात्री भी सुव्यवस्थित टीमवर्क, अनुशासित व्यवस्था और निःस्वार्थ सेवा भाव से प्रभावित होकर दिगंबर जैन सोशल ग्रुप के सभी कार्यकर्ताओं की मुक्तकंठ से प्रशंसा करते हुए उन्हें शुभकामनाएं और बधाई दे रहे हैं।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story