तपती गर्मी के बीच गंगापुर सिटी रेलवे स्टेशन पर रविवार को सेवा और समर्पण का अनूठा संगम देखने को मिला। दिगंबर जैन सोशल ग्रुप द्वारा पिछले 18 वर्षों से अप्रैल से जून तक संचालित निशुल्क जल सेवा अभियान में इस बार खंडेलवाल युवा परिषद ने भी सहभागिता निभाते हुए रेल यात्रियों को ठंडा जल और शीतल शरबत वितरित किया।

खंडेलवाल वैश्य समाज समिति की इकाई खंडेलवाल युवा परिषद के अध्यक्ष अंशुल खंडेलवाल/डंगायच के नेतृत्व में परिषद के दर्जनों युवा, महिला सदस्य और गणमान्यजन रेलवे स्टेशन पहुंचे। सभी ने अपने हाथों से यात्रियों को ठंडा जल और शरबत पिलाया। भीषण गर्मी से राहत मिलने पर यात्रियों के चेहरों पर संतोष और प्रसन्नता स्पष्ट दिखाई दी।

कार्यक्रम के दौरान खंडेलवाल युवा परिषद ने दिगंबर जैन सोशल ग्रुप के अध्यक्ष नरेंद्र जैन नृपत्या, जल सेवा संयोजक धर्मेंद्र जैन पांड्या, सहसंयोजक दीपक गोयल तथा योगेंद्र जैन का माला और दुपट्टा पहनाकर सम्मान किया। इसके प्रत्युत्तर में दिगंबर जैन सोशल ग्रुप ने परिषद के अध्यक्ष अंशुल खंडेलवाल, अंतर्राष्ट्रीय वैश्य महिला महासम्मेलन की वरिष्ठ पदाधिकारी कुशला खूटेटा सहित परिषद के सभी सदस्यों का अभिनंदन किया।

दिगंबर जैन सोशल ग्रुप के अध्यक्ष नरेंद्र जैन नृपत्या ने बताया कि संगठन पिछले 18 वर्षों से ग्रीष्मकाल के दौरान लगातार ढाई महीने तक निशुल्क जल सेवा संचालित कर रहा है। इस अवधि में प्रतिदिन सैकड़ों रेल यात्रियों को ठंडा पानी और शरबत उपलब्ध कराया जाता है। कार्यक्रम के संयोजक चेतन मोदी, गिरीश सांवरिया एवं तनिष्क सोखिया ने व्यवस्थाओं का संचालन किया। ग्रुप के मंत्री जयप्रकाश डांस ने बताया कि सभी के सहयोग से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

अंतर्राष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन की महामंत्री कुशला खूटेटा ने कहा कि लगातार ढाई महीने तक जल सेवा संचालित करना संकल्प और समर्पण का कार्य है, जिससे गंगापुर सिटी का नाम गौरवान्वित हुआ है। परिषद अध्यक्ष अंशुल खंडेलवाल ने कहा कि तपती गर्मी में प्यासे को पानी पिलाने से बड़ा कोई धर्म नहीं है और यह भगवान की सेवा के समान है। उन्होंने भविष्य में भी परिषद की सक्रिय भागीदारी जारी रखने का विश्वास दिलाया। समाज समिति के अध्यक्ष कैलाश खूंटेटा ने भी जनकल्याण के कार्यों में सामूहिक भागीदारी का संदेश दिया।

इस अवसर पर विनोद खंडेलवाल, वीरेंद्र आर्य नमन, सुनील गोयल, कुलदीप गोयल, विशाल सामरिया, अतुल डंगायच, प्रमोद मोदी, शगुन रावत, आदर्श मेहरवाल, हर्ष मेहरवाल, दीपक दुसाद, विनोद माचीवाल तथा महिला मंडल से रेनु आर्य, पूजा खंडेलवाल, सारिका माचीवाल, सीता डंगायच, अनीता दुसाद, पूजा राजोरिया, ज्योति डंगायच और अंजना रावत सहित दोनों संगठनों के दर्जनों जल सेवक उपस्थित रहे। यह आयोजन सामाजिक सहभागिता, जनसेवा और मानवीय संवेदनाओं का प्रेरक उदाहरण बनकर सामने आया।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story