गंगापुर सिटी रेलवे स्टेशन पर विकास की मांग, मंडल प्रबंधक कोटा को सौंपा ज्ञापन
क्षेत्रीय विकास मंच समिति ने खाली भूमि पर इलेक्ट्रिक लोको शेड निर्माण, आधुनिक माल गोदाम और जयपुर के लिए नई मेमो ट्रेन संचालन की मांग रखी है।

गंगापुर सिटी में रेलवे विकास की मांग एक बार फिर प्रमुखता से उठी। क्षेत्रीय विकास मंच समिति के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं तथा शहर के विभिन्न सामाजिक संगठनों से जुड़े प्रबुद्धजनों ने बुधवार, 1 जुलाई 2026 को गंगापुर सिटी रेलवे स्टेशन स्थित स्टेशन प्रबंधक कार्यालय में मंडल प्रबंधक, कोटा के नाम ज्ञापन सौंपकर रेलवे से जुड़ी विभिन्न महत्वपूर्ण मांगें रखीं।
ज्ञापन में मांग की गई कि गंगापुर सिटी में रेलवे की खाली पड़ी भूमि पर इलेक्ट्रिक लोको शेड स्थापित करने के लिए मंडल प्रबंधक, कोटा द्वारा प्रस्ताव तैयार कर रेलवे बोर्ड, नई दिल्ली को भेजा जाए। समिति ने कहा कि वर्ष 1895 से 1993 तक गंगापुर सिटी में स्टीम लोको शेड संचालित रहा था। वर्तमान में आधुनिक तकनीक के अनुरूप 500 विद्युत इंजनों की क्षमता वाला इलेक्ट्रिक लोको शेड उसी भूमि तथा रेलवे की अन्य खाली पड़ी भूमि पर स्थापित किया जाना चाहिए।
ज्ञापन के माध्यम से गंगापुर सिटी में आधुनिक सुविधाओं से युक्त नए माल गोदाम के निर्माण की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई। इसके साथ ही क्षेत्र की आम जनता की आवश्यकता और लंबे समय से चली आ रही मांग को देखते हुए प्रतिदिन जयपुर के लिए मेमो ट्रेन संचालित करने का आग्रह किया गया। प्रस्ताव के अनुसार यह ट्रेन सुबह लगभग 6:00 बजे गंगापुर सिटी से जयपुर के लिए रवाना हो तथा शाम 5:00 बजे जयपुर से गंगापुर सिटी के लिए प्रस्थान करे।
ज्ञापन सौंपने के दौरान स्टेशन प्रबंधक ने उपस्थित पदाधिकारियों, सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ताओं तथा प्रतिनिधियों की भावनाओं और गंगापुर सिटी क्षेत्र के विकास से जुड़े दृष्टिकोण को ध्यान में रखते हुए आश्वासन दिया कि ज्ञापन में उठाई गई सभी मांगों से संबंधित रेलवे विभाग तथा मंडल के उच्च अधिकारियों को अवगत कराया जाएगा।
गंगापुर सिटी में रेलवे आधारभूत ढांचे के विस्तार, आधुनिक सुविधाओं के विकास तथा यात्री सुविधाओं को मजबूत बनाने की इन मांगों को क्षेत्रीय विकास की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अब इन प्रस्तावों पर रेलवे प्रशासन और मंडल स्तर पर होने वाली आगामी कार्रवाई पर सभी की निगाहें टिकी हैं।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
