गंगापुर सिटी: रेलवे रनिंग स्टाफ का आंदोलन चौथे दिन जारी, बड़े प्रदर्शन की चेतावनी
वेस्ट सेंट्रल रेलवे मजदूर संघ ने मुख्यालय वर्किंग बचाने के लिए रेल प्रशासन को दी गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी।

गंगापुर सिटी रेलवे स्टेशन पर वेस्ट सेंट्रल रेलवे मजदूर संघ के बैनर तले अपनी मांगों को लेकर नारेबाजी करते रनिंग स्टाफ के कर्मचारी।
रेल प्रशासन की कथित हठधर्मिता और अडियल रवैये के कारण रनिंग स्टाफ एक बार फिर सड़कों पर उतरने को मजबूर हो गया है। वेस्ट सेंट्रल रेलवे मजदूर संघ के आह्वान पर कर्मचारियों का विरोध प्रदर्शन लगातार चौथे दिन भी पूरी आक्रामकता के साथ जारी रहा। भीषण गर्मी और ड्यूटी की थकान को दरकिनार कर आंदोलित कर्मचारियों ने स्पष्ट किया है कि जब तक उनकी जायज मांगें पूरी नहीं होतीं, यह संघर्ष थमने वाला नहीं है।
प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए मंडल कोषाध्यक्ष डी.के. शर्मा ने प्रशासन पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि इस चिलचिलाती धूप में रनिंग स्टाफ ड्यूटी के पश्चात भी आंदोलन करने को विवश है, लेकिन प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है। शर्मा ने आरोप लगाया कि प्रशासन की यह अनदेखी जानबूझकर स्टाफ को एक बड़े और उग्र आंदोलन की ओर धकेल रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट रहने का आह्वान करते हुए कहा कि आगामी रणनीति के तहत आंदोलन की बागडोर सौंपी जा रही है और अगले सप्ताह कोई बड़ा निर्णय लेकर गंगापुर सिटी में व्यापक स्तर पर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा, जिसकी पूर्ण जिम्मेदारी रेल प्रशासन की होगी।
वहीं, केंद्रीय सदस्य पी.सी. मीणा ने प्रशासन को आगाह करते हुए कहा कि गंगापुर सिटी मुख्यालय के वर्किंग को बचाने हेतु रनिंग स्टाफ सतत संघर्षरत है। उन्होंने चेतावनी दी कि प्रशासन इस आंदोलन को हल्के में लेने की भूल न करे और गंभीर परिणाम भुगतने के लिए तैयार रहे। इस विरोध प्रदर्शन के माध्यम से एक बार फिर पुरजोर मांग की गई कि गंगापुर सिटी मुख्यालय को पूर्व की भांति यथावत रखा जाए। इस अवसर पर मंडल कोषाध्यक्ष डी.के. शर्मा और केंद्रीय सदस्य पी.सी. मीना के साथ शेर सिंह मीणा, अशोक मीणा, भंवर सिंह कठेरिया, दीवान सिंह, इमरान खान, रमाकांत शर्मा, सोहेल खान और जीतराम माली सहित बड़ी संख्या में रेल कर्मचारी उपस्थित रहे, जिन्होंने अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
