गंगापुर सिटी: वेस्ट सेंट्रल रेलवे मजदूर संघ के आवाहन पर गंगापुर सिटी का 'वर्किंग बचाओ आंदोलन' लगातार गति पकड़ता जा रहा है। लॉबी परिसर पर रेल कर्मचारियों का विरोध प्रदर्शन और आक्रोश लगातार जारी है। इस आंदोलन के दौरान कर्मचारियों को संबोधित करते हुए मंडल कोषाध्यक्ष डीके शर्मा एवं केंद्रीय सदस्य पीसी मीणा ने रेलवे प्रशासन को कड़े शब्दों में चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि प्रशासन हमारी समझदारी को कमजोरी समझने की भूल कतई न करे। अगर प्रशासन ने समय रहते अपने स्तर पर आदेश वापस लेकर गंगापुर सिटी मुख्यालय को वर्किंग वापस नहीं सौंपी, तो आगरा कैंट के स्टाफ को गंगापुर सिटी से किसी भी सूरत में गाड़ी में नहीं चढ़ने दिया जाएगा। कर्मचारियों ने साफ किया है कि वर्तमान में जारी यह विरोध प्रदर्शन आने वाले दिनों में और अधिक उग्र रूप अख्तियार करेगा।

आगामी सप्ताह में इस लोकतांत्रिक आंदोलन को और अधिक व्यापक तथा राष्ट्रव्यापी रूप दिया जाएगा। इसके तहत रेल कर्मचारियों द्वारा धरना प्रदर्शन, भूख हड़ताल, सद्बुद्धि यज्ञ और प्रशासन के अड़ियल रुख के खिलाफ 'भैंस के आगे बीन बजाना' जैसे अनेक प्रकार के शांतिपूर्ण व प्रतीकात्मक विरोध के तरीके अपनाकर प्रशासन को आगाह किया जाएगा। संघ के नेताओं ने दोटूक कहा है कि यदि इन तमाम प्रयासों के बाद भी रेल प्रशासन अपनी हठधर्मिता नहीं छोड़ता है और मांगों को नहीं मानता है, तो अंततः रेल का पूर्ण चक्का जाम किया जाएगा। चाहे जो भी परिणाम भुगतने पड़ें, किसी भी सूरत में आगरा स्टाफ को गंगापुर सिटी से असरवा का वर्किंग कार्य नहीं करने दिया जाएगा।

इस समय तिरंगे झंडे के नेतृत्व में समस्त रनिंग एवं चेकिंग स्टाफ पूरी तरह से एकजुट हो चुका है। संघ ने प्रशासन से पुरजोर अनुरोध किया है कि वे समय रहते इस विषय पर उचित और सकारात्मक कार्रवाई करें, अन्यथा इसके बेहद गंभीर और दूरगामी परिणाम होंगे, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी स्वयं रेलवे प्रशासन की होगी। इस बड़े विरोध प्रदर्शन के मौके पर मंडल कोषाध्यक्ष डीके शर्मा, केंद्रीय सदस्य पीसी मीणा, भंवर सिंह कठेरिया, मनोज मीणा, इमरान खान, सोहेल खान, आराम सिंह मीणा, राकेश मीणा, रामनरेश मीणा, भारत लाल मीणा, समर सिंह मीणा, राजेश मीणा, दीवान सिंह, सतीश मीणा, हरिमोहन मीणा, हरिओम गौतम, राधेश्याम, मनोज कुमार, माखनलाल, सियाराम, चंदन सिंह, रामरूप मीणा सहित सैकड़ों की संख्या में सजग रेल कर्मचारी मौजूद रहे और अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद की।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story