गंगापुर सिटी। वर्किंग बीट से छेड़छाड़ को लेकर वेस्ट सेंट्रल रेलवे मजदूर संघ के आवाहन पर गंगापुर सिटी लॉबी पर पश्चिम मध्य रेलवे गंगापुर सिटी मुख्यालय में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। इस दौरान कर्मचारियों ने प्रशासन के खिलाफ आर-पार की लड़ाई का ऐलान किया।

मंडल कोषाध्यक्ष डीके शर्मा ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि प्रशासन को कई बार लिखित मेमोरेंडम और ज्ञापन देने के बावजूद गंगापुर सिटी मुख्यालय के कर्मचारियों की मांगों को लगातार नजरअंदाज किया गया, जिसके चलते संगठन को आंदोलन के लिए मजबूर होना पड़ा। उन्होंने आरोप लगाया कि आगरा डिवीजन द्वारा मनमाने तरीके से असरवा एक्सप्रेस का वर्किंग गंगापुर सिटी से आगरा कैंट एवं आगरा से गंगापुर सिटी मुख्यालय से ले लिया गया है, जबकि पूर्व में यह गाड़ी गंगापुर सिटी मुख्यालय से संचालित हो रही थी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि इसे पूर्व की भांति गंगापुर सिटी मुख्यालय से ही वर्किंग दिया जाए।

केंद्रीय सदस्य पीसी मीणा ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि मांगें नहीं मानी गईं तो भूख हड़ताल, विरोध प्रदर्शन और आवश्यकता पड़ने पर रेल का चक्का जाम भी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसी भी कीमत पर गंगापुर सिटी मुख्यालय के अधिकारों के साथ कुठाराघात बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। रनिंग स्टाफ एवं चेकिंग स्टाफ को असरवा गाड़ी का वर्किंग दिए जाने और आदेश रिवाइज होने तक आंदोलन प्रतिदिन जारी रहेगा।

संघ प्रवक्ता बी एस गुर्जर ने बताया कि इस विरोध प्रदर्शन में शाखा केंद्रीय सदस्य विजेंद्र सिंह मीणा, अध्यक्ष आर डी मीना, शाखा सचिव यातायात शेर सिंह मीणा, भंवर सिंह कठेरिया, रवि शंकर उपाध्याय, लोकेंद्र सिंह, मनोज मीणा, रविंद्र, राजेंद्र पोसवाल, रामनरेश मीणा, राजकुमार मीणा, राजेश मीणा, रमाकांत शर्मा, हरिशंकर सैनी, सतपाल सिंह, राकेश बगलाई सहित सैकड़ों रेल कर्मचारी मौजूद रहे। प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने एकजुट होकर प्रशासन के निर्णय के खिलाफ आंदोलन को और तेज करने का संकल्प लिया।

यह प्रदर्शन रेलवे प्रशासन और मजदूर संघ के बीच बढ़ते तनाव का संकेत देता है, जिसमें आने वाले दिनों में आंदोलन और अधिक उग्र होने की संभावना जताई जा रही है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story