गंगापुर सिटी: वेस्ट सेंट्रल रेलवे मजदूर संघ का वर्किंग को लेकर विरोध प्रदर्शन
रेल प्रशासन के निर्णयों के खिलाफ लॉबी परिसर में रनिंग स्टाफ का प्रदर्शन, कोटा डिवीजन की 19 शाखाओं में आंदोलन तेज करने की चेतावनी।

गंगापुर सिटी रेलवे स्टेशन लॉबी परिसर में रविवार को वेस्ट सेंट्रल रेलवे मजदूर संघ के बैनर तले प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते रेल कर्मचारी।
बेस्ट सेंट्रल रेलवे मजदूर संघ के आवाहन पर गंगापुर सिटी में वर्किंग को लेकर विरोध प्रदर्शन लगातार जारी है। रविवार को लॉबी परिसर में रेल कर्मचारियों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन कर प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। प्रदर्शन के दौरान केंद्रीय सदस्य पीसी मीणा और शाखा अध्यक्ष आर डी मीना ने रेल कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि रनिंग स्टाफ के सामने अब “करो या मरो” की स्थिति बन चुकी है।
उन्होंने कहा कि रनिंग स्टाफ के साथ सभी विभागों के कर्मचारी कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं और गंगापुर सिटी मुख्यालय की वर्किंग बचाने के लिए संघर्ष लगातार जारी रहेगा। नेताओं ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि गंगापुर की वर्किंग से किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ बर्दाश्त नहीं की जाएगी और प्रशासन को अपने “तुगलकी फरमान” वापस लेने होंगे। साथ ही गंगापुर को उसका अधिकार देना ही होगा।
सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि यह केवल कर्मचारियों की मांग नहीं, बल्कि अधिकारों की लड़ाई है। उन्होंने कहा कि जिस पीड़ा और आक्रोश के साथ कर्मचारी यहां खड़े हैं, वह गंगापुर सिटी की वर्किंग को बचाने की प्रतिबद्धता का प्रतीक है। आगामी दिनों में पूरे कोटा डिवीजन की 19 ब्रांचों में प्रदर्शन किए जाएंगे और आंदोलन को और तेज किया जाएगा। नेताओं ने कर्मचारियों से एकजुटता बनाए रखने का आह्वान करते हुए कहा कि साथियों की एकता और सबका साथ ही सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है।
प्रदर्शन के दौरान आरडी मीना, भंवर सिंह कठेरिया, रवि शंकर उपाध्याय, दीवान सिंह गुर्जर, ऋषिकेश मीणा, संजय वर्मा, अनूप सिंह मीणा, मनोज मीणा, कुर्बान खान, महेश चंद मीणा, इमरान खान, सीताराम यादव, हरिमोहन मीणा और सतवीर सिंह सहित सैकड़ों रेल कर्मचारी मौजूद रहे। कर्मचारियों ने साफ संकेत दिए कि यदि प्रशासन ने मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो आंदोलन आने वाले दिनों में और व्यापक रूप ले सकता है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
