पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर गौसेवा एवं धार्मिक आस्था का अनूठा संगम 15 जून को गंगापुर सिटी में देखने को मिलेगा। कान्हा गौ सेवा समिति के तत्वावधान में नहर रोड स्थित गोपाल गौशाला में गौमाता सेवार्थ भव्य छप्पन भोग कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। सोमवती अमावस्या के दिन आयोजित होने वाले इस विशेष धार्मिक आयोजन को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं।

समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने बुधवार को कार्यक्रम के शुभारंभ से पूर्व धार्मिक परंपराओं का निर्वहन करते हुए कल्याणजी गेट स्थित गणेशजी मंदिर पहुंचकर विधिवत पूजा-अर्चना की तथा भगवान गणेश को आयोजन का निमंत्रण अर्पित किया। इसके बाद खाटू श्याम मंदिर में भी दर्शन-पूजन कर कार्यक्रम में शामिल होने का सांकेतिक न्योता दिया गया।

समिति अध्यक्ष वेद प्रकाश मेडिकल, कार्यक्रम संयोजक पदमा अग्रवाल, नवल गुप्ता, प्रवक्ता वेद प्रकाश मंगल, पंकज अग्रवाल, आदर्श अग्रवाल, श्रीमती तारा देवी सहित अन्य सदस्यों ने आयोजन की तैयारियों को अंतिम रूप देने की दिशा में सक्रियता दिखाई। समिति के अनुसार 15 जून को शाम 5 बजे गोपाल गौशाला में गौमाता को छप्पन भोग अर्पित किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में गौभक्त एवं श्रद्धालुओं की सहभागिता रहने की संभावना है।

कार्यक्रम संयोजक पदमा अग्रवाल एवं रेनू आर्य ने बताया कि आयोजन की व्यवस्थाओं एवं जिम्मेदारियों के निर्धारण के लिए 11 जून, गुरुवार को प्रातः 8 बजे गोपाल गौशाला में समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में समिति के सभी सदस्यों के साथ-साथ गौसेवा से जुड़े गौप्रेमियों को भी आमंत्रित किया गया है। इस दौरान छप्पन भोग कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा कर विभिन्न दायित्वों का वितरण किया जाएगा।

गौसंवर्धन, धार्मिक आस्था और सामाजिक सहभागिता को समर्पित यह आयोजन क्षेत्र में गौसेवा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ समाज को एक सूत्र में जोड़ने का माध्यम बनेगा। पुरुषोत्तम मास में आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story