गंगापुर सिटी में शाला संचालन एप के माध्यम से प्रस्तावित जांच व्यवस्था को लेकर स्कूल शिक्षा परिवार (संघ) ब्लॉक गंगापुर सिटी ने आपत्ति दर्ज कराते हुए नियमों और निर्देशों को व्यवहारिक बनाने की मांग की है। संगठन की ओर से अतिरिक्त ब्लॉक शिक्षा अधिकारी श्री हनुमान मुक्त जी को ज्ञापन सौंपकर निजी विद्यालयों से जुड़ी समस्याओं को उठाया गया।

स्कूल शिक्षा परिवार के मीडिया प्रभारी एवं प्रवक्ता सारांश जैन ने बताया कि राजस्थान में लगभग 32 हजार से अधिक प्रबंध समितियों द्वारा संचालित 50 हजार से अधिक गैर-सरकारी विद्यालयों में करीब 90 लाख विद्यार्थी अध्ययनरत हैं तथा 15 लाख से अधिक शिक्षक एवं कर्मचारी कार्यरत हैं। उन्होंने कहा कि विभिन्न अव्यावहारिक नियमों, निर्देशों एवं प्रक्रियाओं के कारण निजी विद्यालयों को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

ब्लॉक अध्यक्ष नीटू सिंह धावाई ने बताया कि निदेशक माध्यमिक शिक्षा, बीकानेर द्वारा जारी आदेश के तहत शाला संचालन एप के माध्यम से आरटीई, पाठ्यपुस्तक, फीस, बाल वाहिनी सहित विभिन्न विषयों पर 44 बिंदुओं की नियमित जांच के निर्देश जारी किए गए हैं। संघ का कहना है कि वर्तमान परिस्थितियों में इन बिंदुओं पर प्रस्तावित जांच व्यवस्था पूरी तरह व्यवहारिक नहीं है और इसके लागू होने से विद्यालयों पर अनावश्यक प्रशासनिक दबाव बढ़ेगा।

उन्होंने बताया कि निजी विद्यालय गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं विद्यार्थियों की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध हैं, लेकिन अनावश्यक एवं अव्यावहारिक नियमों के कारण विद्यालय संचालन प्रभावित होगा। ज्ञापन में कहा गया कि छात्र हित एवं विद्यार्थियों की सुरक्षा विद्यालयों की सर्वोच्च प्राथमिकता है। यदि किसी विद्यालय के विरुद्ध कोई ठोस शिकायत अथवा विशेष कारण हो तो नियमानुसार जांच की जा सकती है, लेकिन बिना किसी विशेष कारण सभी विद्यालयों पर व्यापक जांच व्यवस्था लागू करना उचित नहीं है।

स्कूल शिक्षा परिवार (संघ) ने प्रशासन से मांग की कि निजी विद्यालय संगठनों से संवाद स्थापित कर नियमों को सरल, व्यवहारिक एवं शिक्षा हित में बनाया जाए, जिससे विद्यालयों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।

ज्ञापन प्राप्त करते हुए अतिरिक्त ब्लॉक शिक्षा अधिकारी श्री हनुमान मुक्त जी ने प्रतिनिधिमंडल की बात को गंभीरता से सुना तथा संबंधित मांगों एवं सुझावों को उच्च अधिकारियों तक पहुंचाने का आश्वासन दिया।

इस अवसर पर स्कूल शिक्षा परिवार (संघ) के ब्लॉक अध्यक्ष नीटू सिंह धावाई, ब्लॉक प्रभारी राजकुमार मिश्रा , उपाध्यक्ष शिवकुमार शर्मा, राजेश कुमार गुर्जर, कोषाध्यक्ष महेंद्र नापित, सहमंत्री ओमप्रकाश महावर, सह संगठन मंत्री सुरेशचंद शर्मा, सूचना एवं प्रसार मंत्री कपिल शर्मा, सुरेंद्र सिंह राजपूत, राम सिंह राजपूत, शिवकुमार शर्मा, अशोक कुमार शर्मा, राजेश सैन, रामकेश सैनी एवं दिनेश चंद मीणा सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। सभी पदाधिकारियों ने निजी विद्यालयों की समस्याओं के शीघ्र समाधान तथा शिक्षा व्यवस्था को सुचारु रूप से संचालित रखने के लिए व्यावहारिक एवं न्यायसंगत निर्णय लेने की मांग की।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story