गंगापुर सिटी। राजस्थान शारीरिक शिक्षा शिक्षक संघ की जिला एवं ब्लॉक कार्यकारिणी के तत्वावधान में आयोजित एक भव्य विचार गोष्ठी में जिले के शारीरिक शिक्षकों ने नामांकन वृद्धि और खेलकूद के चहुंमुखी विकास का संकल्प लिया। एक निजी फार्म हाउस पर आयोजित इस संगोष्ठी में मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित जिला शिक्षा अधिकारी (प्रारंभिक) श्री देवी लाल मीणा ने शारीरिक शिक्षकों की भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि शिक्षक जिले में न केवल बेहतरीन खेल प्रतिभाओं का निर्माण करें, बल्कि विद्यालयों में मनोरंजनात्मक खेलकूद का ऐसा वातावरण सृजित करें जिससे छोटे बालकों का स्कूल के प्रति स्वाभाविक जुड़ाव और आकर्षण पैदा हो सके। उन्होंने शारीरिक शिक्षकों द्वारा की गई इस सकारात्मक पहल की मुक्त कंठ से सराहना की।

इस अवसर पर मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी श्रीमती गायत्री बरमेंदु और अतिरिक्त ब्लॉक शिक्षा अधिकारी हनुमान प्रसाद मुक्त ने भी अपने विचार साझा किए। अधिकारियों ने विशेष रूप से सरकारी विद्यालयों में नामांकन बढ़ाने पर जोर देते हुए शारीरिक शिक्षकों को इस अभियान का महत्वपूर्ण स्तंभ बताया। प्रदेश अध्यक्ष करणफूल मीणा ने अपने संबोधन में साथियों का आह्वान किया कि सत्र की शुरुआत में ही बच्चों को खेल, प्रेरक प्रसंगों और कविताओं के माध्यम से जोड़ें ताकि उनकी उपस्थिति सुनिश्चित हो सके। उन्होंने इसी मंच से शारीरिक शिक्षकों की ज्वलंत समस्याओं को भी पुरजोर तरीके से उठाया। श्री मीणा ने मांग की कि तृतीय श्रेणी शारीरिक शिक्षकों का स्थानांतरण भी लाइब्रेरियन और लैब असिस्टेंट की तर्ज पर किया जाए तथा प्रारंभिक शिक्षा के सभी जिलों में उप जिला शिक्षा अधिकारी के पद सृजित किए जाएं। उन्होंने विभागीय विसंगतियों पर पीड़ा व्यक्त करते हुए कहा कि जहां अन्य कैडर के लोग सेवाकाल में 5 से 6 पदोन्नतियां पाते हैं, वहीं एक शारीरिक शिक्षक मात्र एक या दो प्रमोशन तक ही सीमित रह जाता है।

गोष्ठी के दौरान उप जिला शिक्षा अधिकारी (शारीरिक शिक्षा) श्री विजय राम मीणा और खेलकूद प्रभारी तेज सिंह जाट ने सभी शिक्षकों से अपील की कि वे पूरी तैयारी के साथ मैदान में उतरें और कम से कम एक खेल में अपनी टीम अनिवार्य रूप से तैयार करें। विचार गोष्ठी के सफल संयोजन में ब्लॉक अध्यक्ष भगत सिंह जाट एवं गंगापुर ब्लॉक की कार्यकारिणी का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम में करौली से आए राम विलास चेतीवाल, बामनवास से पप्पू लाल मीणा, बोली से मुरारी लाल, कमल प्रसाद गुर्जर, निरंजन गिरी और कमलेश सैनी ने भी अपने सुझाव रखे। इस गरिमामयी उपस्थिति में राकेश उपाध्याय, मुजम्मिल हुसैन, सज्जन मीणा, शफी मोहम्मद, फरमान अहमद, हितेश जांगिड़, अनीता शर्मा, अनीता मीणा, सतीश यादव, उषा वर्मा, कैलाश चंद मीणा, महफूज, कमलेश गुर्जर और भागचंद सैनी सहित लगभग 150 शारीरिक शिक्षक उपस्थित रहे। आयोजन का समापन गंगापुर ब्लॉक द्वारा आयोजित सामूहिक भोज के साथ हुआ, जहां सभी शिक्षकों ने पूर्ण निष्ठा से विभागीय कार्यों में भागीदारी निभाने का वचन दिया।

Madan Mohan Garg(Gangapur City)

Madan Mohan Garg(Gangapur City)

नाम: मदन मोहन गर्ग

वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (दैनिक प्रातःकाल, गंगापुर सिटी)

कार्यक्षेत्र: गंगापुर सिटी विधानसभा क्षेत्र सहित सवाई माधोपुर और करौली जिला

बीट: प्रशासनिक समाचार, सामाजिक कार्यक्रम, जनसमस्याएं एवं सभी क्षेत्र

परिचय 

मदन मोहन गर्ग राजस्थान के गंगापुर सिटी क्षेत्र के वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'दैनिक प्रातःकाल' में गंगापुर सिटी के ब्यूरो चीफ के रूप में कार्यरत हैं। उनका मुख्य कार्यक्षेत्र गंगापुर सिटी विधानसभा सहित सवाई माधोपुर और करौली जिला है। वह स्थानीय जनसमस्याओं, प्रशासनिक गतिविधियों, सरकारी योजनाओं और सामाजिक कार्यक्रमों सहित सभी क्षेत्रों की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव

मदन मोहन गर्ग को क्षेत्रीय पत्रकारिता का लंबा अनुभव है। वह साल 2015 से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' समाचार पत्र से जुड़े हुए हैं और क्षेत्र में समाचार संकलन व ब्यूरो संचालन का कार्य संभाल रहे हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

वह उच्च शिक्षित हैं और उनकी शैक्षणिक योग्यता इस प्रकार है:

  • बी.ए. (B.A.) और बी.एड. (B.Ed.)
  • एम.ए. (M.A.) और एम.एड. (M.Ed. - मास्टर ऑफ एजुकेशन)

Next Story