गंगापुर सिटी। मानव सेवा संस्थान के तत्वावधान में नई अनाज मंडी में परिंडा महाअभियान का आयोजन किया गया, जिसमें व्यापारियों एवं पल्लेदारों को 150 परिंडे वितरित किए गए तथा मूक प्राणियों की सेवा का संकल्प दिलाया गया।

कार्यक्रम में मंडी सचिव ममता गुप्ता एवं व्यापार मंडल अध्यक्ष गोविंद प्रसाद गुप्ता की मौजूदगी रही, जहां अनेक व्यापारियों व पल्लेदारों ने परिंडे लगाने का संकल्प लिया। मानव सेवा संस्थान के सचिव डॉ. राहुल गुप्ता ने बताया कि अनाज मंडी में व्यापारियों एवं पल्लेदारों को करीब 150 परिंडे वितरित किए गए। मिट्टी व सीमेंट के परिंडे मंडी समिति के गार्डन में स्थापित किए गए।

इस अवसर पर परिंडा संकल्प सेल्फी पॉइंट पर मंडी सचिव ममता गुप्ता एवं व्यापार मंडल अध्यक्ष गोविंद प्रसाद गुप्ता सहित अन्य व्यापारियों ने फोटो क्लिक कर लोगों को प्रेरित किया। सभी ने इन तस्वीरों को सोशल मीडिया पर साझा कर अन्य लोगों को भी प्रेरित करने का संकल्प लिया।

मंडी सचिव ममता गुप्ता ने कहा कि नई अनाज मंडी में अधिक संख्या में परिंडे लगाए जाने से मूक प्राणियों को राहत मिलेगी तथा सीमेंट के परिंडे बगीचे में लगाए जाने से पक्षी, बंदर इत्यादि को पानी की सुविधा बढ़ेगी। उन्होंने मानव सेवा संस्थान के कार्य को सराहनीय बताया।

व्यापार मंडल अध्यक्ष गोविंद प्रसाद गुप्ता ने कहा कि नर सेवा के अनेक कार्य चल रहे हैं, लेकिन जब यह सेवा मूक प्राणियों के लिए होती है तो यह अनुकरणीय बन जाती है। उन्होंने कहा कि मानव सेवा संस्थान धरातल स्तर पर सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है।

संस्थान के अध्यक्ष दिनेश करणपुर ने बताया कि संस्थान द्वारा एक स्लोगन जारी किया गया है—"आओ सकारात्मक पहल में हाथ बढ़ाये, मूक प्राणियों के प्राण बचाएं, आओ मिलकर परिंडे लगाये"—इसी स्लोगन के आधार पर परिंडा वितरण का कार्य निरंतर जारी रहेगा।

कार्यक्रम में मंडी सचिव ममता गुप्ता, व्यापार मंडल अध्यक्ष गोविंद प्रसाद गुप्ता, संरक्षक विजय गोयल, संजय ठीकरिया, अध्यक्ष दिनेश करणपुर, सचिव डॉक्टर राहुल गुप्ता, व्यापार मंडल सचिव विष्णु डंगायच, कार्यक्रम संयोजक गोपाल सर्राफ, विमल पारले, सुनील मित्तल, देवेश पीतलिया, राधारमण गुप्ता, विकास राजौरिया, नवल दनगस, केदार पितलिया, राजेश जिंदल, कैलाश गुप्ता एवं मंडी समिति स्टाफ सहित अनेक महानुभाव उपस्थित रहे। यह अभियान मूक प्राणियों के संरक्षण और जनभागीदारी की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में सामने आया।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story