गंगापुर सिटी। राजस्थान के गंगापुर सिटी में पाँचना बाँध की नहरों में पानी छोड़े जाने की मांग को लेकर किसानों का आंदोलन अब निर्णायक मोड़ पर पहुंच गया है। माननीय उच्च न्यायालय के स्पष्ट आदेश के बावजूद राजस्थान सरकार द्वारा नहरों में पानी नहीं छोड़े जाने से आक्रोशित किसानों ने आर-पार की लड़ाई का मन बना लिया है। इसी क्रम में, उपनेता प्रतिपक्ष एवं गंगापुर सिटी विधायक रामकेश मीना के नेतृत्व में क्षेत्र भर में व्यापक जनजागरण अभियान चलाया जा रहा है, जिसके माध्यम से सर्व समाज के पंच-पटेलों, किसानों एवं प्रबुद्धजनों को आगामी 5 जून 2026 को आयोजित होने वाली विशाल किसान महापंचायत के लिए लामबंद किया जा रहा है।

जनजागरण अभियान के दौरान विधायक रामकेश मीना एवं स्थानीय पंच-पटेलों ने गांव-गांव जाकर किसानों को पीले चावल देकर महापंचायत में सम्मिलित होने का निमंत्रण दिया। पीर बाबा की पावन भूमि स्थित गांव खंडीप के निकट बड़ा बाग में आयोजित होने वाली यह महापंचायत न केवल पानी के अधिकार की मांग को लेकर है, बल्कि यह किसानों के जीवन और आजीविका की सुरक्षा का प्रश्न बन गई है। विधायक रामकेश मीना ने जनसंपर्क के दौरान स्पष्ट किया कि नहरों में पानी की उपलब्धता किसानों का हक है और सरकार की उपेक्षा के विरुद्ध एकजुट होना वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।

इस महापंचायत में क्षेत्र के हजारों किसानों के जुटने की संभावना है, जहां वे न केवल अपने हक की आवाज बुलंद करेंगे, बल्कि सरकार की हठधर्मिता के विरुद्ध आगामी रणनीति पर भी गहन विचार-विमर्श करेंगे। पाँचना बाँध से जुड़े इस मुद्दे पर आयोजित होने वाली यह महापंचायत सरकार पर दबाव बनाने के लिए एक महत्वपूर्ण कड़ी साबित होगी, जो यह तय करेगी कि क्षेत्र के किसान अपने अधिकारों को पाने के लिए किस हद तक संघर्ष करने को तैयार हैं।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story