सीईओ गौरव बुढानिया का गंगापुर सिटी में औचक एक्शन: हर योजना की खोली फाइल, दिए कड़े निर्देश
सवाई माधोपुर जिला परिषद के सीईओ आईएएस गौरव बुडानिया ने गंगापुर सिटी पंचायत समिति का विस्तृत निरीक्षण कर प्रशासनिक व्यवस्थाओं को खंगाला। सरकारी योजनाओं की प्रगति से लेकर फाइलों की पेंडेंसी पर अधिकारियों की क्लास लेते हुए उन्होंने अंतिम छोर के व्यक्ति तक लाभ पहुंचाने के लिए जो कड़े निर्देश दिए हैं, उसने पूरे अमले को अलर्ट मोड पर ला दिया है।

गंगापुर सिटी पंचायत समिति कार्यालय में निरीक्षण के दौरान सीईओ गौरव बुडानिया विभिन्न फाइलों और कार्यप्रणाली की बारीकी से समीक्षा करते हुए।
गंगापुर सिटी। जिला परिषद सवाई माधोपुर के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) एवं आईएएस अधिकारी गौरव बुडानिया ने मंगलवार को अचानक पंचायत समिति गंगापुर सिटी का विस्तृत निरीक्षण कर प्रशासनिक अमले में हड़कंप मचा दिया। उन्होंने विकास कार्यों की जमीनी हकीकत परखने के लिए न केवल दफ्तर की सभी शाखाओं की कार्यप्रणाली का जायजा लिया, बल्कि प्रशासनिक अधिकारियों को व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार के कड़े निर्देश भी जारी किए।
निरीक्षण के दौरान आईएएस अधिकारी गौरव बुडानिया ने पंचायत समिति की लेखा, स्थापना, विकास, अभियांत्रिकी, आईटी और सामाजिक अंकेक्षण सहित प्रत्येक शाखा का सघन दौरा किया। उन्होंने वहां मौजूद रिकॉर्ड, रजिस्टरों तथा महत्वपूर्ण प्रपत्रों का बारीकी से भौतिक सत्यापन किया। सीईओ ने प्रत्येक शाखा प्रभारी और संबंधित कार्मिकों से सीधे मुखातिब होकर ग्रामीण विकास विभाग द्वारा संचालित समस्त जन कल्याणकारी योजनाओं की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की बिंदुवार रिपोर्ट तलब की। इस दौरान उन्होंने लाभार्थियों के चयन की पारदर्शी प्रक्रिया, भुगतान की वर्तमान स्थिति तथा विभिन्न शाखाओं में लंबित पड़े प्रकरणों के कारणों पर जवाब-तलब किया।
समीक्षा बैठक में सीईओ ने प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत स्वीकृत एवं निर्माणाधीन आवासों की प्रगति रिपोर्ट देखी। इसके साथ ही स्वच्छ भारत मिशन-ग्रामीण के तहत ओडीएफ प्लस की स्थिति, स्वामित्व योजना में ड्रोन सर्वे व पट्टा वितरण की प्रगति, ग्रामीण सेवा शिविर 2026 की तैयारियों तथा पंडित दीनदयाल उपाध्याय गरीबी मुक्त ग्राम योजना में चिन्हित परिवारों की स्थिति की गहन समीक्षा की गई। उन्होंने विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन के स्वयं सहायता समूहों, घुमंतू एवं अर्ध-घुमंतू जातियों व राजकीय भवनों को आवासीय पट्टे देने, विधायक व सांसद निधि के कार्यों तथा महात्मा गांधी नरेगा की प्रगति की भी कमान संभाली। राजस्थान संपर्क पोर्टल पर दर्ज जनशिकायतों के निस्तारण और ई-फाइल व ई-ऑफिस के क्रियान्वयन को लेकर उन्होंने डिजिटल पारदर्शिता पर विशेष जोर दिया।
खण्ड विकास अधिकारी डॉ. जगदीश गुर्जर ने बताया कि सीईओ ने कुछ योजनाओं की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए कार्यालय परिसर की साफ-सफाई, भवन मरम्मत और लंबित कार्यों को समयबद्ध तथा गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण करने की हिदायत दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि दफ्तर में आने वाले हर आमजन को समय पर और सम्मानजनक सेवा मिलनी चाहिए। इसके अतिरिक्त, सीईओ ने 1 जुलाई को आयोजित होने वाले वीबी जी राम जी के उद्घाटन कार्यक्रम को गरिमामय ढंग से मनाने तथा पंचायत एडवांसमेंट इंडेक्स (पीएआई) के राष्ट्रीय मापदंडों के अनुरूप सभी ग्राम पंचायतों को बेहतर बनाने के लिए डेटा एंट्री और फील्ड विजिट बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने दृढ़ता से कहा कि ग्रामीण विकास की योजनाएं समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचनी चाहिए। इस मौके पर बीडीओ डॉ. जगदीश गुर्जर सहित समस्त शाखा प्रभारी और ग्राम विकास अधिकारी मौजूद रहे।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
