गंगापुर सिटी। वार्ड नंबर 31 स्थित नर्सिंग कॉलोनी में पिछले कई महीनों से नलों में गंदा और दुर्गंधयुक्त पानी आने से क्षेत्रवासियों में आक्रोश है। सोमवार को कॉलोनीवासियों ने उपखंड अधिकारी, गंगापुर सिटी को ज्ञापन सौंपकर दूषित पेयजल की समस्या का तत्काल समाधान कराने की मांग की।

क्षेत्रवासियों ने ज्ञापन में बताया कि कॉलोनी में आने वाला पेयजल कई बार इतना गंदा और बदबूदार होता है कि वह सीवरेज के पानी जैसा प्रतीत होता है। इसके चलते लोगों को पीने, खाना बनाने और घरेलू उपयोग में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि लंबे समय से शिकायत किए जाने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है।

क्षेत्रवासियों ने आशंका जताई कि पेयजल पाइपलाइन में कहीं सीवरेज अथवा गंदे पानी का रिसाव तो नहीं हो रहा है। उन्होंने विशेष रूप से माल गोदाम चौराहे से लेकर कॉलोनी के विभिन्न हिस्सों तक पेयजल लाइन की जांच कराने की मांग की।

ज्ञापन में कहा गया कि यदि वास्तव में सीवरेज का गंदा पानी पेयजल लाइन में मिल रहा है तो यह आमजन के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा है। दूषित पानी के सेवन से बीमारियां फैलने की आशंका बनी हुई है। ऐसे में मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई आवश्यक है।

क्षेत्रवासियों ने मांग की कि संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मौके पर भेजकर पेयजल लाइन की पूरी जांच कराई जाए और पाइपलाइन में गंदे अथवा सीवरेज पानी के प्रवेश के स्थान की तत्काल पहचान की जाए। खराब पेयजल पाइपलाइन की तत्काल मरम्मत अथवा आवश्यकतानुसार बदलाव कराने, प्रभावित पाइपलाइन की सफाई एवं आवश्यक डिसइन्फेक्शन कराने की भी मांग की गई।

इसके साथ ही नल के पानी के नमूने लेकर प्रयोगशाला में उसकी गुणवत्ता की जांच कराने तथा जांच और समस्या के स्थायी समाधान तक क्षेत्रवासियों के लिए शुद्ध पेयजल की वैकल्पिक व्यवस्था कराने की मांग की गई।

क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई कर दूषित पानी की समस्या से राहत दिलाने और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे सामूहिक रूप से उच्च अधिकारियों के समक्ष शिकायत रखने के लिए मजबूर होंगे।

ज्ञापन सौंपने वालों में मदन मोहन गर्ग, मदन मोहन गुप्ता, नानक चंद गुप्ता, शुभम गुप्ता, गोविंद शर्मा, अंकुर शर्मा, ओमप्रकाश शर्मा, पुष्पेंद्र शर्मा, महेश शर्मा सहित नर्सिंग कॉलोनी के अनेक महिला-पुरुष एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

Madan Mohan Garg(Gangapur City)

Madan Mohan Garg(Gangapur City)

नाम: मदन मोहन गर्ग

वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (दैनिक प्रातःकाल, गंगापुर सिटी)

कार्यक्षेत्र: गंगापुर सिटी विधानसभा क्षेत्र सहित सवाई माधोपुर और करौली जिला

बीट: प्रशासनिक समाचार, सामाजिक कार्यक्रम, जनसमस्याएं एवं सभी क्षेत्र

परिचय 

मदन मोहन गर्ग राजस्थान के गंगापुर सिटी क्षेत्र के वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'दैनिक प्रातःकाल' में गंगापुर सिटी के ब्यूरो चीफ के रूप में कार्यरत हैं। उनका मुख्य कार्यक्षेत्र गंगापुर सिटी विधानसभा सहित सवाई माधोपुर और करौली जिला है। वह स्थानीय जनसमस्याओं, प्रशासनिक गतिविधियों, सरकारी योजनाओं और सामाजिक कार्यक्रमों सहित सभी क्षेत्रों की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव

मदन मोहन गर्ग को क्षेत्रीय पत्रकारिता का लंबा अनुभव है। वह साल 2015 से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' समाचार पत्र से जुड़े हुए हैं और क्षेत्र में समाचार संकलन व ब्यूरो संचालन का कार्य संभाल रहे हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

वह उच्च शिक्षित हैं और उनकी शैक्षणिक योग्यता इस प्रकार है:

  • बी.ए. (B.A.) और बी.एड. (B.Ed.)
  • एम.ए. (M.A.) और एम.एड. (M.Ed. - मास्टर ऑफ एजुकेशन)

Next Story