गंगापुर सिटी। शहर की स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से नगर परिषद ने घर-घर कचरा संग्रहण के लिए यूजर चार्ज वसूली अभियान का आगाज कर दिया है। अभियान के पहले ही दिन नगर परिषद के खाते में 7,750 रुपए का यूजर चार्ज जमा हुआ। नगर परिषद आयुक्त बृजेन्द्र मीना के निर्देश पर इस अभियान को धरातल पर उतारने के लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया था, जिसने पहले दिन विभिन्न वार्डों एवं बाजार क्षेत्रों में पहुंचकर वसूली प्रक्रिया को अंजाम दिया।

वसूली अभियान के दौरान नगर परिषद की टीम ने महज राजस्व एकत्रित करने तक ही सीमित न रहकर शहर में स्वच्छता के प्रति जन-जागरूकता फैलाने का कार्य भी किया। टीम ने दुकानदारों और आमजन से संवाद कर यूजर चार्ज के महत्व पर प्रकाश डाला और शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने में नगर परिषद का सहयोग करने की पुरजोर अपील की। नागरिकों से आग्रह किया गया कि वे नियमित रूप से कचरा संग्रहण व्यवस्था का लाभ लें और स्वच्छता के मानकों को बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाएं। इस महत्वपूर्ण अभियान के दौरान स्वच्छ भारत मिशन के इंजीनियर भूरसिंह मीणा, नवीन गुप्ता, मान सिंह मीना, रिंकू मीणा, जितेंद्र गुर्जर एवं इरशान खान सहित अन्य विभागीय कार्मिक मौजूद रहकर व्यवस्थाओं का संचालन करते नजर आए।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story