गंगापुर सिटी में राज्य सरकार एवं स्वायत्त शासन विभाग के निर्देशानुसार मंगलवार को नगर परिषद सभागार में शहरी सेवा शिविर-2026 का आयोजन किया गया। इस शिविर में वार्ड संख्या 43 से 48 तक के नागरिकों ने भाग लिया, जहां उन्हें विभिन्न सरकारी विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई गईं। नगर परिषद के अधिकारियों ने शिविर में प्राप्त शिकायतों और प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण किया। आयुक्त बृजेन्द्र मीना ने बताया कि शिविर के माध्यम से पट्टे, भवन निर्माण स्वीकृति, नामांतरण, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, प्रधानमंत्री आवास, जन्म-मृत्यु एवं विवाह पंजीयन, जनाधार, यूडी टैक्स, पेंशन, पालनहार, खाद्य सुरक्षा, स्ट्रीट लाइट, पेयजल, सीवरेज एवं विद्युत के साथ ही चिकित्सा, महिला एवं बाल विकास, सार्वजनिक निर्माण और वन विभाग से जुड़ी सेवाएं आमजन को प्रदान की गईं।

शिविर के सफल संचालन में नोडल प्रभारी दुष्यंत राज, राजस्व अधिकारी एवं सहायक अभियंता तरुण कुमार जैन, वरिष्ठ सहायक राजेश मीना, कनिष्ठ अभियंता रीना मीना और पट्टा शाखा प्रभारी अमर नकवाल सहित अन्य अधिकारियों व कर्मचारियों ने जिम्मेदारी से कार्य किया। शिविर के दौरान कुल 6 पट्टे, 1 भवन निर्माण स्वीकृति, 2 नामांतरण, 8 प्रधानमंत्री स्वनिधि, 11 स्ट्रीट लाइट, 3 यूडी टैक्स, 48 जन्म-मृत्यु एवं विवाह पंजीयन, 4 घर-घर कचरा संग्रहण, 108 पूरक पोषाहार, 1 पेंशन, 27 जनाधार, 9 खाद्य सुरक्षा, 5 विद्युत, 3 सीवरेज तथा 2 पेयजल से संबंधित प्रकरणों का निस्तारण किया गया। नगर परिषद ने जानकारी दी कि अगला शिविर 8 जुलाई बुधवार को नगर परिषद सभागार में आयोजित होगा, जिसमें वार्ड संख्या 49 से 54 के निवासियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ दिया जाएगा। प्रशासन ने नागरिकों से शिविर में पहुंचकर सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story