गंगापुर सिटी शहरी सेवा शिविर में उपनिदेशक ने किया निरीक्षण, 7 पट्टे वितरित, मौके पर निस्तारित हुईं कई शिकायतें
गंगापुर सिटी के शहरी सेवा शिविर में उपनिदेशक रिछपाल सिंह बुरड़क ने निरीक्षण किया। 7 पट्टे वितरित हुए और कई विभागों की सेवाओं के साथ अनेक प्रकरणों का मौके पर निस्तारण हुआ।

गंगापुर सिटी नगर परिषद सभागार में आयोजित शहरी सेवा शिविर के दौरान अधिकारियों द्वारा लाभार्थी को पट्टा वितरित किया जा रहा है।
गंगापुर सिटी में राज्य सरकार एवं स्वायत्त शासन विभाग के निर्देशानुसार नगर परिषद द्वारा आयोजित शहरी सेवा शिविर-2026 के तहत सोमवार को वार्ड संख्या 43 से 48 तक के लिए नगर परिषद सभागार में शिविर आयोजित किया गया। शिविर के दौरान भरतपुर क्षेत्रीय स्थानीय निकाय विभाग के उपनिदेशक रिछपाल सिंह बुरड़क ने व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया, विभिन्न विभागों द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं का जायजा लिया तथा व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए।
नगर परिषद आयुक्त बृजेन्द्र मीना ने बताया कि शिविर में नगर परिषद की विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं के साथ सफाई, स्ट्रीट लाइट, विभिन्न प्रकार के पट्टे, कृषि भूमि नियमन, लीज डीड, पुरानी आबादी एवं 69-ए योजना के पट्टे, उपविभाजन, भवन निर्माण स्वीकृति, नामांतरण, जन्म-मृत्यु एवं विवाह पंजीयन, मुख्यमंत्री एवं प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, जनाधार कार्ड, फायर अनापत्ति प्रमाण पत्र, पेंशन, पालनहार योजना तथा राशन कार्ड से संबंधित सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई गईं।
उन्होंने बताया कि अभियान के नोडल प्रभारी दुष्यंत राज, राजस्व अधिकारी एवं सहायक अभियंता तरुण कुमार जैन, वरिष्ठ सहायक राजेश मीना, कनिष्ठ अभियंता रीना मीना तथा पट्टा शाखा प्रभारी अमर नकवाल सहित नगर परिषद के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने आमजन के कार्यों का जिम्मेदारी के साथ निस्तारण किया।
इसके अलावा जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, आयोजना विभाग, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, सार्वजनिक निर्माण विभाग, विद्युत विभाग तथा वन विभाग सहित विभिन्न विभागों ने भी शिविर में भाग लेकर आमजन को एक ही स्थान पर विभिन्न सेवाएं प्रदान कीं। शिविर में प्राप्त शिकायतों एवं परिवादों का भी मौके पर ही निस्तारण किया गया।
शिविर के दौरान 7 पट्टों का वितरण किया गया। इसके अतिरिक्त भवन निर्माण स्वीकृति के प्रकरण, 2 नामांतरण, 7 प्रधानमंत्री स्वनिधि, 13 स्ट्रीट लाइट, 3 यूडी टैक्स, 39 जन्म-मृत्यु एवं विवाह पंजीयन, 6 घर-घर कचरा संग्रहण, 92 पूरक पोषाहार, 1 पेंशन, 46 जनाधार, 13 खाद्य सुरक्षा, 6 विद्युत विभाग, 2 सीवरेज तथा 7 पेयजल से संबंधित प्रकरणों का निस्तारण किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों की संयुक्त भागीदारी के माध्यम से नागरिकों को एक ही स्थान पर अनेक सेवाएं उपलब्ध कराते हुए लंबित प्रकरणों का समाधान किया गया।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
