गंगापुर सिटी में आयोजित शहरी सेवा शिविर के दौरान नागरिकों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ दिया गया और मौके पर ही समस्याओं का समाधान किया गया।

गंगापुर सिटी। राज्य सरकार एवं स्वायत्त शासन विभाग के निर्देशानुसार नगर परिषद गंगापुर सिटी द्वारा संचालित शहरी सेवा शिविर-2026 के तहत गुरुवार को नगर परिषद सभागार में वार्ड संख्या 37 से 42 तक के नागरिकों के लिए शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों की ओर से एक ही स्थान पर अनेक जनकल्याणकारी सेवाएं उपलब्ध कराई गईं तथा प्राप्त शिकायतों एवं प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण कर आमजन को राहत प्रदान की गई।

नगर परिषद आयुक्त बृजेन्द्र मीना ने बताया कि शिविर में नगर परिषद की विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं के साथ-साथ साफ-सफाई, स्ट्रीट लाइट, विभिन्न प्रकार के पट्टे, कृषि भूमि नियमन, लीज डीड, पुरानी आबादी एवं 69-ए योजना के पट्टे, उपविभाजन, भवन निर्माण स्वीकृति, नामांतरण, जन्म-मृत्यु एवं विवाह पंजीयन, मुख्यमंत्री स्वनिधि योजना, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, जनआधार, फायर अनापत्ति प्रमाण पत्र, पेंशन, पालनहार योजना तथा राशन कार्ड संबंधी सेवाओं का लाभ नागरिकों को उपलब्ध कराया गया।

उन्होंने बताया कि नगर परिषद की ओर से अभियान के नोडल प्रभारी दुष्यंत राज, राजस्व अधिकारी एवं सहायक अभियंता तरुण कुमार जैन, वरिष्ठ सहायक राजेश मीना, कनिष्ठ अभियंता रीना मीना सहित सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अभियान के दौरान जिम्मेदारी के साथ आमजन के कार्यों का निस्तारण करने में अहम भूमिका निभा रहे हैं।

शिविर में जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, आयोजना विभाग, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, सार्वजनिक निर्माण विभाग, विद्युत विभाग तथा वन विभाग सहित अन्य विभागों ने भी अपने-अपने प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण किया।

शिविर के दौरान 5 पट्टे जारी किए गए। इसके अलावा 1 भवन निर्माण स्वीकृति, 2 नामांतरण, 4 प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के प्रकरण, 20 स्ट्रीट लाइट संबंधी मामले, 60 जन्म, मृत्यु एवं विवाह पंजीयन, 8 घर-घर कचरा संग्रहण, 6 पूरक पोषाहार, 1 पेंशन, 19 जनआधार, 6 विद्युत विभाग, 3 सीवरेज तथा 2 पेयजल संबंधी प्रकरणों का निस्तारण किया गया।

नगर परिषद प्रशासन ने बताया कि शहरी सेवा शिविर-2026 के अंतर्गत आगामी शिविर 3 जुलाई (शुक्रवार) को भी नगर परिषद सभागार में आयोजित किया जाएगा। नगर परिषद ने वार्ड 37 से 42 के नागरिकों से अधिकाधिक संख्या में शिविर में उपस्थित होकर विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उठाने की अपील की है।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story