गंगापुर सिटी, मदन मोहन गर्ग। नगर परिषद गंगापुर सिटी के सभापति पद के चुनाव को लेकर बुधवार को तस्वीर स्पष्ट हो गई। सभापति पद के लिए 5 उम्मीदवारों ने कुल 6 नामांकन दाखिल किए। इनमें भाजपा की ओर से तीन और कांग्रेस की ओर से दो प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र भरे। सभापति पद का मुख्य मुकाबला कांग्रेस के वार्ड 30 पार्षद कृष्ण कुमार गोयल ‘कुबेर’ और भाजपा के वार्ड 57 पार्षद विजय कुमार गुप्ता के बीच होगा। सभापति पद के लिए चुनाव 21 सितंबर को होगा।

भाजपा की ओर से वार्ड 57 के पार्षद विजय कुमार गुप्ता, वार्ड 36 की पार्षद गीता देवी नरूका और वार्ड 1 की पार्षद जीनत गद्दी ने नामांकन दाखिल किया। भाजपा ने विजय कुमार गुप्ता को अपना अधिकृत प्रत्याशी घोषित करते हुए पार्टी का सिंबल दिया है।

कांग्रेस की ओर से वार्ड 30 के पार्षद कृष्ण कुमार गोयल ‘कुबेर’ विधायक रामकेश मीणा के साथ पहुंचकर नामांकन दाखिल करने पहुंचे। गोयल ने कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल करने के साथ निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में भी एक पर्चा भरा। वहीं वार्ड 35 के पार्षद गिरधारीलाल ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल किया।

नामांकन के दौरान विधायक रामकेश मीणा ने कहा कि नगर परिषद के 60 वार्डों में कांग्रेस ने 27 वार्डों में जीत दर्ज की है। उन्होंने दावा किया कि निर्दलीय पार्षद भी कांग्रेस के साथ आ रहे हैं। विधायक ने कहा कि पार्टी ने कृष्ण कुमार गोयल को सभापति पद का दावेदार बनाया है और उन्हें करीब 38 पार्षदों का समर्थन प्राप्त है। उन्होंने शहर की जनता से किए गए वादों को पूरा करने तथा स्वच्छ छवि और ईमानदार व्यक्ति को सभापति बनाने की बात कही।

भाजपा प्रत्याशी विजय कुमार गुप्ता ने कहा कि वार्ड के साथ-साथ पूरे गंगापुर सिटी के लोगों ने उन पर विश्वास जताया है। इसी विश्वास के चलते पार्टी ने उन्हें सभापति पद का प्रत्याशी बनाया है। उन्होंने भाजपा का बोर्ड बनने और शहर में विकास कार्यों को गति देने का दावा किया। गुप्ता ने गंगापुर सिटी को विकास के मामले में प्रदेश में नंबर वन बनाने की बात कही।

पूर्व पालिका अध्यक्ष गीता देवी नरूका ने कहा कि उनके पिछले कार्यकाल में शहर में कई विकास कार्य कराए गए थे। उन्होंने कहा कि भाजपा का बोर्ड बनने पर विकास की रफ्तार को फिर से आगे बढ़ाया जाएगा।

गौरतलब है कि नगर परिषद गंगापुर सिटी के 60 वार्डों के चुनाव परिणाम में कांग्रेस ने 27, भाजपा ने 17 और निर्दलीय प्रत्याशियों ने 16 वार्डों में जीत दर्ज की थी। ऐसे में सभापति पद के चुनाव में निर्दलीय पार्षदों के समर्थन का समीकरण महत्वपूर्ण माना जा रहा है। 21 सितंबर को होने वाले चुनाव में इसी समर्थन के समीकरण के बीच सभापति पद के लिए कांग्रेस के कृष्ण कुमार गोयल ‘कुबेर’ और भाजपा के विजय कुमार गुप्ता आमने-सामने होंगे।

Madan Mohan Garg(Gangapur City)

Madan Mohan Garg(Gangapur City)

नाम: मदन मोहन गर्ग

वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (दैनिक प्रातःकाल, गंगापुर सिटी)

कार्यक्षेत्र: गंगापुर सिटी विधानसभा क्षेत्र सहित सवाई माधोपुर और करौली जिला

बीट: प्रशासनिक समाचार, सामाजिक कार्यक्रम, जनसमस्याएं एवं सभी क्षेत्र

परिचय 

मदन मोहन गर्ग राजस्थान के गंगापुर सिटी क्षेत्र के वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'दैनिक प्रातःकाल' में गंगापुर सिटी के ब्यूरो चीफ के रूप में कार्यरत हैं। उनका मुख्य कार्यक्षेत्र गंगापुर सिटी विधानसभा सहित सवाई माधोपुर और करौली जिला है। वह स्थानीय जनसमस्याओं, प्रशासनिक गतिविधियों, सरकारी योजनाओं और सामाजिक कार्यक्रमों सहित सभी क्षेत्रों की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव

मदन मोहन गर्ग को क्षेत्रीय पत्रकारिता का लंबा अनुभव है। वह साल 2015 से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' समाचार पत्र से जुड़े हुए हैं और क्षेत्र में समाचार संकलन व ब्यूरो संचालन का कार्य संभाल रहे हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

वह उच्च शिक्षित हैं और उनकी शैक्षणिक योग्यता इस प्रकार है:

  • बी.ए. (B.A.) और बी.एड. (B.Ed.)
  • एम.ए. (M.A.) और एम.एड. (M.Ed. - मास्टर ऑफ एजुकेशन)

Next Story