गंगापुर सिटी: मानव सेवा संस्थान के अध्यक्ष बने दिनेश करणपुर, कार्यकारिणी गठित
निर्विरोध निर्वाचन में डॉ. राहुल गुप्ता सचिव और विनोद आपणो मार्ट कोषाध्यक्ष चुने गए, बैठक में डिजिटल संविधान घर और गो-एम्बुलेंस का प्रस्ताव पारित।

राजस्थान के गंगापुर सिटी स्थित नरूका प्राइड में आयोजित मानव सेवा संस्थान की साधारण सभा की बैठक में वर्ष 2026-27 के लिए नवीन कार्यकारिणी का गठन निर्विरोध संपन्न हुआ। संस्थान अध्यक्ष प्रमोद मोदी की अध्यक्षता में आयोजित इस महत्वपूर्ण बैठक में सेवा और समर्पण के संकल्प को दोहराते हुए नई टीम का चयन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सचिव विनोद आपणो मार्ट द्वारा वार्षिक प्रतिवेदन पठन और कोषाध्यक्ष विमल पारले द्वारा आय-व्यय के विस्तृत ब्योरे की प्रस्तुति के साथ हुआ, जिसे सदन ने सर्वसम्मति से स्वीकार किया।
चुनाव अधिकारी ओम प्रकाश धर्मकांटा के निर्देशन में लोकतांत्रिक मर्यादाओं के अनुरूप निर्विरोध निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न हुई। संस्थान के संरक्षक विजय गोयल ने आधिकारिक घोषणा करते हुए बताया कि दिनेश करणपुर को अध्यक्ष, डॉ. राहुल गुप्ता को सचिव, विनोद आपणो मार्ट को कोषाध्यक्ष, रामचरण कटारिया को उपाध्यक्ष, मोहित जैन को सहसचिव तथा आलोक मालधनी को श्री लाड़ली लाल जू गौशाला व्यवस्थापक के पद पर निर्वाचित किया गया है। नवनियुक्त पदाधिकारियों का संस्थान के सदस्यों द्वारा माला एवं साफा पहनाकर भव्य स्वागत किया गया।
इस अवसर पर निवर्तमान अध्यक्ष प्रमोद मोदी ने अपने कार्यकाल के दौरान शहर में किए गए जनकल्याणकारी कार्यों का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया। समारोह में विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित निवर्तमान सभापति शिवरतन अग्रवाल का संस्थान को निरंतर सहयोग प्रदान करने हेतु आभार व्यक्त किया गया और उन्हें माला व साफा पहनाकर सम्मानित किया गया। अपने संबोधन में शिवरतन अग्रवाल ने कहा कि गंगापुर सिटी में मानव सेवा संस्थान आज सेवा के पर्याय के रूप में स्थापित हो चुका है। पूर्व अध्यक्ष सुशील दीक्षित एवं दीपक नरूका ने संस्थान की प्रगति में भामाशाहों और दानदाताओं के आशीर्वाद को नींव की ईंट बताया। चुनाव अधिकारी ओमप्रकाश धर्मकांटा ने संस्थान के निःस्वार्थ सेवा भाव की मुक्त कंठ से प्रशंसा की।
बैठक में शिक्षा और नवाचार पर विशेष ध्यान केंद्रित करते हुए गंगापुर सिटी निवासी नैन्सी अग्रवाल ने एक महत्वपूर्ण प्रस्तुति दी। डॉ. बी.आर. आंबेडकर स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स, बैंगलोर से स्नातकोत्तर नैन्सी, जो वर्तमान में महिलाओं और बच्चों के क्षेत्र में सक्रिय हैं, ने धौलपुर जिले के आईएएस अधिकारी अवहद निवृत्ति सोमनाथ (सीईओ जिला परिषद) द्वारा शुरू किए गए 'डिजिटल संविधान घर/लाइब्रेरी' मॉडल का विवरण साझा किया। उन्होंने बच्चों और युवाओं में संवैधानिक जागरूकता और शिक्षा के प्रसार हेतु इस मॉडल को गंगापुर सिटी में भी स्थानीय प्रशासन व समाज के सहयोग से लागू करने का प्रस्ताव रखा, जिस पर गंभीरता से विचार किया गया।
संस्थान ने आगामी योजनाओं के तहत एक अतिरिक्त गो-एंबुलेंस और छोटी गाड़ी पर पुष्पक विमान के निर्माण जैसे महत्वपूर्ण प्रस्तावों को धरातल पर उतारने की प्रतिबद्धता जताई। इस सभा में संरक्षक नरदेव गुप्ता, संजय ठीकरिया, डॉ. महेंद्र मीणा, राधारमन शर्मा, विनीत डंगायच, सीए देवेंद्र गोयल, शिवचरण बीओबी, मनीष बजाज, संतोष बंसल, कमलेश गुप्ता, मुकेश बाबा साड़ी, संतोष मेड़ी, जीतू सर्राफ, मुकेश गोरधनपुर, अनिल बैग, अमित खण्डेलवाल, अरविंद तिवाड़ी, सुनील मित्तल, गोपाल खंडेलवाल और विष्णु खूॅंटामार सहित अनेक गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
