मातृत्व दिवस के पावन अवसर पर ममता और करुणा का अनूठा उदाहरण पेश करते हुए मानव सेवा संस्थान द्वारा रविवार शाम एक पुनीत कार्य का शुभारंभ किया गया। शहर के कुशालगढ़ स्थित बाबा श्री श्याम मंदिर परिसर में संस्थान के तत्वावधान में ‘परिंडा महाअभियान’ के तृतीय चरण के अंतर्गत भव्य परिंडा वितरण कार्यक्रम आयोजित हुआ। भीषण गर्मी में मूक पक्षियों को जीवनदान देने के ध्येय से आयोजित इस कार्यक्रम की मुख्य थीम “आओ हम सब मिलकर हाथ बढ़ायें, मूक प्राणियों के प्राण बचायें, आओ मिलकर परिंडे लगायें” रही, जिसने जन-मानस को जीव सेवा के प्रति जागरूक किया।

इस सेवाभावी कार्यक्रम में क्षेत्र की प्रतिष्ठित विभूतियों ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई। कार्यक्रम के दौरान श्री श्याम धाम सेवा समिति के अध्यक्ष राजेन्द्र दुसाद, ओमप्रकाश धर्मकांटा, शिवचरण बीओबी, संस्थान अध्यक्ष दिनेश करणपुर, राधारमण शर्मा, संरक्षक विजय गोयल, प्रमोद बंटी, समाजसेवी अंकित गोयल, विमल परले और मोहित जैन सहित संस्थान के अनेक समर्पित सदस्य मौजूद रहे। उपस्थित अतिथियों ने समाज में सेवा भाव के इस विस्तार की सराहना करते हुए इसे समय की मांग बताया।

अभियान की सार्थकता को धरातल पर उतारते हुए संस्थान के सदस्यों ने मंदिर में दर्शन हेतु आए श्रद्धालुओं, महिलाओं, पुरुषों एवं बच्चों को कुल 251 परिंडे वितरित किए। वितरण के साथ ही प्रत्येक नागरिक को यह संकल्प दिलाया गया कि वे इन परिंडों को अपने घरों की छत एवं बालकनी में स्थापित करें तथा इनमें नियमित रूप से पानी भरकर पक्षियों की प्यास बुझाने का दायित्व निभाएं। मातृत्व दिवस पर आयोजित यह पहल न केवल पक्षियों के प्राण बचाने का माध्यम बनी, बल्कि समाज में प्रकृति और वन्यजीव संरक्षण के प्रति एक सशक्त संदेश प्रसारित करने में भी सफल रही।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story