गंगापुर सिटी में शहर के मुख्य मार्गों पर जगह-जगह गड्ढों और क्षतिग्रस्त सड़कों के कारण वाहन चालकों, राहगीरों और आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मुख्य मार्गों को दुरुस्त नहीं करने को लेकर समाजसेवी वेद प्रकाश मंगल ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर नगर परिषद प्रशासन एवं सार्वजनिक निर्माण विभाग दोनों की जवाबदेही तय करने की मांग की है।

गंगापुर सिटी नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड, कॉलोनियों और मुख्य बाजार में सीवरेज कंपनी द्वारा आम रास्तों में जगह-जगह गड्ढे बनाकर छोड़ दिए गए हैं। वहीं शहर के मुख्य रास्ते नगर परिषद एवं सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधीन और अंडर में आते हैं। इन मुख्य मार्गों पर भी जगह-जगह गड्ढे होने के कारण वाहन चालक, राहगीर और आमजन विकट समस्या का सामना कर रहे हैं।

प्राइवेट बस स्टैंड के सामने पंजाब बैंक के पास, उदेई मोड़ से राजकीय कॉलेज रोड, उदेई मोड़ चौराहा से खाटू मंदिर मार्ग, सालौदा क्षेत्र व चौराहा, कैलाश टॉकीज मुख्य मार्ग, ट्रक यूनियन चौराहा, पल्लीवाल पेट्रोल पंप से ईदगाह मोड़, हिंडौन मुख्य मार्ग, रेलवे ओवरब्रिज बाय-पास चौराहा, जिला चिकित्सालय से रेलवे स्टेशन मार्ग सहित अन्य मुख्य मार्गों पर जगह-जगह गड्ढे होने से सड़कें क्षतिग्रस्त हैं।

उक्त मुख्य मार्गों की देखरेख की जिम्मेदारी नगर परिषद प्रशासन एवं सार्वजनिक निर्माण विभाग की बनती है, लेकिन मुख्य मार्गों पर क्षतिग्रस्त सड़क और गड्ढों को ठीक करने में दोनों ही विभागों द्वारा ध्यान नहीं दिया जा रहा है। इसे लेकर लापरवाही बरते जाने की बात सामने आ रही है। वहीं यह सवाल भी उठाया गया है कि कहीं मुख्य मार्गों को दुरुस्त करने का कार्य कागजों में ही तो नहीं किया जा रहा।

इन मुख्य मार्गों पर सरकारी एवं निजी चिकित्सालय, राजकीय विद्यालय एवं कॉलेज, बैंक, तहसील और मिनी सचिवालय होने के चलते आमजन का आवागमन बना रहता है। इसके अलावा ये मार्ग नादौती विधानसभा, सपोटरा एवं करौली विधानसभा सहित जयपुर, दौसा और लालसोट को आने-जाने के लिए मुख्य मार्ग हैं।

क्षतिग्रस्त सड़कों और गड्ढों के कारण वाहन चालक, राहगीर, आमजन, विद्यार्थी, बुजुर्ग और सीनियर सिटीजन परेशान हैं तथा कई लोगों को चोटिल होने की स्थिति का भी सामना करना पड़ रहा है। लगातार बनी इस समस्या को लेकर समाजसेवी वेद प्रकाश मंगल ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर मुख्य मार्गों के गड्ढे नहीं भरने और सड़कों को दुरुस्त नहीं करने के चलते नगर परिषद प्रशासन एवं सार्वजनिक निर्माण विभाग, दोनों विभागों से जवाबदेही तय करने की मांग की है। शहर के प्रमुख आवागमन मार्गों की यह स्थिति आमजन की आवाजाही से जुड़ी गंभीर समस्या बनी हुई है।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story