गंगापुर सिटी। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि शहीद दिवस के अवसर पर दिनांक 30 जनवरी 2025 को सुबह 11:00 बजे पंचायत समिति परिसर स्थित गांधी पार्क गंगापुर सिटी में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर गांधी पार्क में स्थित गांधी स्मारक पर महात्मा गांधी जीवन दर्शन समिति के सदस्यों ने गांधी दर्शन समिति के संयोजक प्रभारी विकास जैन एवं समिति के अन्य सदस्यों के साथ उपस्थित होकर बापू के समक्ष कृतज्ञतापूर्वक नमन करते हुए श्रद्धा सुमन अर्पित किए।

कार्यक्रम के दौरान गांधी दर्शन समिति के सभी सदस्यों एवं सामाजिक संगठनों के सदस्यों, युवा साथियों ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की स्मृति में 2 मिनट का मौन रखा। इस अवसर पर संयोजक प्रभारी विकास जैन ने कहा कि बापू के सत्य और अहिंसा के विचार ही हमारे देश को आगे ले जाएंगे। उन्होंने कहा कि त्याग और तपस्या की प्रतिमूर्ति, विश्व पटल पर शांति, अहिंसा एवं स्वच्छता का पाठ पढ़ाने वाले राष्ट्रपिता महात्मा गांधी हैं। उन्होंने यह भी कहा कि महात्मा गांधी अतीत ही नहीं, भविष्य भी हैं; गांधी व्यक्ति नहीं बल्कि विचार हैं। गांधी जी के रचनात्मक कार्य हमारे जीवन में प्रेरणा के स्रोत हैं, जिन्हें अपनाकर हम अपने जीवन को बेहतर बना सकते हैं।

77वें शहीद दिवस के अवसर पर बापू को नमन करते हुए यह भी कहा गया कि अहिंसा के पुजारी गांधी ने पूरे विश्व को शांति तथा सत्य का संदेश दिया। इस दिन सभी ने यह संकल्प लेने का आह्वान किया कि सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलें तथा गांधी जी के आदर्श एवं उनके दिए हुए सिद्धांतों का पालन करें, यही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। इस दौरान उपस्थित सभी लोगों ने अपने विचार भी व्यक्त किए।

कार्यक्रम में शिवराज सैनी, राम प्रसाद मीणा, रेख सिंह गुर्जर, प्यारेलाल मीणा, जमनालाल बैरवा, वेद प्रकाश गौतम, भूपेंद्र सिंह, गुरदयाल योगी, कैलाश चंद माली, बिजेंदर मलारना, फिरोज खान, राम अवतार, रवि मीणा, विक्रम सिंह, मुकेश योगी, हरकेश सैनी, लव कुश मीणा, रवि सोनी आदि सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story