गंगापुर सिटी: मां इंदरगढ़ बिजासन देवी यात्रा और भगवती जागरण 27 जून को
गंगापुर सिटी में 27 जून को मां इंदरगढ़ देवी यात्रा और विशाल भगवती जागरण का आयोजन होगा। 28 जून को दर्शन, कन्या पूजन और भंडारे के साथ धार्मिक अनुष्ठान सम्पन्न होंगे, श्रद्धालुओं में भारी उत्साह।

गंगापुर सिटी में मां इंदरगढ़ बिजासन देवी की यात्रा और भव्य भगवती जागरण का आयोजन किया जाएगा, जिसके लिए श्रद्धालुओं में उत्साह है।
धार्मिक आस्था और भक्ति के रंग में सराबोर एक दिव्य आयोजन के तहत गंगापुर सिटी में मां इंदरगढ़ बिजासन सेवा समिति के तत्वावधान में 27 जून शनिवार को मां इंदरगढ़ देवी की यात्रा और भव्य भगवती जागरण का आयोजन किया जाएगा।
आयोजन की शुरुआत 27 जून शनिवार को शाम 4:00 बजे कर्मचारी कॉलोनी स्थित गौरव मैरिज होम के सामने से होगी, जहां से बसों द्वारा सैकड़ों श्रद्धालु बूंदी जिले के इंदरगढ़ स्थित मां देवी के दर्शन के लिए प्रस्थान करेंगे। इसी दिन रात्रि 9:00 बजे गंगापुर सिटी वालों की धर्मशाला में विशाल भगवती जागरण का आयोजन रखा गया है, जिसमें भक्तिमय वातावरण में श्रद्धालु भक्ति रस में डूबेंगे।
इसके अगले दिन 28 जून रविवार को प्रातः 7:00 बजे श्रद्धालु मां के दर्शन कर भोग प्रसादी अर्पित करेंगे। इसके पश्चात प्रातः 9:00 बजे कन्या पूजन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें कन्याओं को भोजन कराकर धार्मिक परंपराओं का पालन किया जाएगा। इसके बाद भंडारे का आयोजन होगा तथा मंदिर परिसर के पास दर्शनार्थियों और श्रद्धालु यात्रियों को प्रसादी का वितरण भी किया जाएगा।
इस सम्पूर्ण आयोजन को लेकर मां इंदरगढ़ बिजासन सेवा समिति के सदस्य देवी चरण गर्ग ने अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से शामिल होकर कार्यक्रम को सफल बनाने का आवाह्न किया है। यह धार्मिक आयोजन क्षेत्र में आस्था, एकता और भक्ति के संगम के रूप में देखा जा रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भागीदारी की संभावना है।

