गंगापुर में ‘स्वच्छ एवं स्वस्थ गंगापुर’ का संकल्प, लायंस क्लब गरिमा ने सभापति-पार्षदों का किया सम्मान
लायंस क्लब गरिमा ने गंगापुर सिटी में नवनिर्वाचित सभापति कृष्ण कुमार गोयल और पार्षदों का अभिनंदन किया।

गंगापुर सिटी के विजय पैलेस में आयोजित गरिमा गौरव अभिनंदन समारोह के दौरान लायंस क्लब गरिमा के सदस्यों द्वारा नवनिर्वाचित सभापति और पार्षदों का स्वागत किया गया।
गंगापुर में ‘स्वच्छ एवं स्वस्थ गंगापुर’ का संकल्प, लायंस क्लब गरिमा ने सभापति-पार्षदों का किया सम्मान
गंगापुर सिटी में सोमवार शाम विजय पैलेस में सेवा, सम्मान और सामाजिक सरोकारों से जुड़े भव्य समारोह में लायंस क्लब गरिमा ने नगर परिषद गंगापुर सिटी के नवनिर्वाचित सभापति एवं क्लब सदस्य लायन कृष्ण कुमार गोयल ‘कुबेर’ सहित लायन परिवार से जुड़े नवनिर्वाचित पार्षदों का अभिनन्दन एवं सम्मान किया। ‘गरिमा गौरव अभिनन्दन समारोह’ में लायंस इंटरनेशनल डायरेक्टर एवं अखिल भारतीय अग्रवाल संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष PMJF लायन डॉ. कुलभूषण मित्तल मुख्य अतिथि रहे, जबकि सभापति लायन कृष्ण कुमार गोयल समारोह के ‘स्टार ऑफ द इवनिंग’ रहे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता क्लब अध्यक्ष लायन ओमप्रकाश अग्रवाल ने की और मंच संचालन PMJF लायन डॉ. आशीष कुमार शर्मा ने किया। विशिष्ट अतिथि के रूप में नवनिर्वाचित पार्षद एवं रीजन चेयरपर्सन MJF लायन पंकज मंगलम, लियो प्रांतीय अध्यक्ष लियो यश अग्रवाल तथा जोन चेयरपर्सन लायन शरद कुमार यादव मंच पर मौजूद रहे। डॉ. आशीष कुमार शर्मा ने कहा कि लायंस इंटरनेशनल डायरेक्टर जैसी वैश्विक स्तर की विभूति का गंगापुर सिटी आगमन और लायंस क्लब गरिमा के मंच को गौरवान्वित करना पूरे शहर एवं गंगापुर के लायन परिवार के लिए ऐतिहासिक एवं गौरवपूर्ण क्षण है।
समारोह में लायन परिवार से जुड़े नवनिर्वाचित पार्षदों वार्ड 27 के लायन राजेंद्र गर्ग, वार्ड 32 की पार्षद ललिता देवी सिंघल, वार्ड 35 के पार्षद गिरधारी लाल अग्रवाल एवं वार्ड 39 की पार्षद रत्ना देवी गुप्ता को मंच पर स्थान देकर सम्मानित किया गया। वहीं वार्ड 22 के पार्षद राजेश शर्मा एवं वार्ड 37 के पार्षद पदम जोशी का भी लायंस क्लब गरिमा की ओर से अभिनन्दन किया गया।
क्लब अध्यक्ष लायन ओमप्रकाश अग्रवाल ने स्वागत संबोधन में अतिथियों एवं गणमान्य नागरिकों का स्वागत किया और लायंस क्लब गरिमा की सेवा गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि क्लब पिछले आठ वर्षों से लगातार निशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर आयोजित कर रहा है। इन शिविरों के माध्यम से मोतियाबिंद से पीड़ित 16 हजार से अधिक नेत्र रोगियों के लेंस प्रत्यारोपण करवाकर उनके जीवन में रोशनी लौटाने का कार्य किया गया है।
उन्होंने बताया कि क्लब द्वारा राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, कल्याण जी गेट को विगत आठ वर्षों से अपने परिवार का अंग मानते हुए वहां अध्ययनरत छात्राओं को स्टेशनरी, वस्त्र एवं अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई जाती रही है। विद्यालय में अध्ययनरत बालिकाओं का प्रत्येक माह क्लब सदस्यों द्वारा जन्मदिन मनाया जाता है। वहीं 12वीं कक्षा में 75 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाली बालिकाओं को पिछले तीन वर्षों से हवाई यात्रा करवाकर उनके सपनों को नई उड़ान देने का कार्य किया जा रहा है।
क्लब ने शहर के हृदयस्थल कुशाललेक गार्डन में 101 फीट ऊंचा राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा स्थापित कर स्थायी सेवा एवं राष्ट्र गौरव प्रकल्प भी स्थापित किया है। इसके साथ ही इस वर्ष से शहर में मेडिकल उपकरण बैंक की स्थापना की दिशा में भी कार्य शुरू किया गया है।
मुख्य अतिथि लायंस इंटरनेशनल डायरेक्टर तथा अखिल भारतीय अग्रवाल संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष PMJF लायन डॉ. कुलभूषण मित्तल ने लायंस क्लब गरिमा के सेवा कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि क्लब ने सेवा के क्षेत्र में गंगापुर सिटी में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। उन्होंने नगर परिषद चुनाव में विजय प्राप्त करने वाले सभी पार्षदों एवं सभापति लायन कृष्ण कुमार गोयल को शुभकामनाएं एवं बधाई दी।
डॉ. मित्तल ने देश के सबसे स्वच्छ शहर इंदौर का उदाहरण देते हुए कहा कि वे स्वयं इंदौर के निवासी हैं और वहां की स्वच्छता व्यवस्था में नागरिकों की भूमिका को निकट से समझते हैं। उन्होंने कहा कि शहर को स्वच्छ रखना केवल नगर परिषद या सफाई कर्मचारियों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। हर शहरवासी को अपने शहर को स्वच्छ रखने की जिम्मेदारी स्वीकार करनी होगी।
उन्होंने सभापति को नगर परिषद स्तर पर गुणवत्तापूर्ण कार्य करवाने तथा देश के अन्य शहरों से प्रेरणा लेकर गंगापुर सिटी के सौन्दर्यीकरण के लिए नए एवं प्रभावी नवाचार अपनाने का सुझाव दिया। डॉ. मित्तल ने सभापति लायन कृष्ण कुमार गोयल एवं नगर परिषद की पूरी टीम को इंदौर आमंत्रित करते हुए कहा कि वे स्वयं मेजबान बनकर पूरी टीम को इंदौर की आधुनिक सफाई व्यवस्था, तकनीकी मॉडल एवं आवश्यक संसाधनों की जानकारी उपलब्ध करवाने में सहयोग करेंगे। उन्होंने कहा कि नगर परिषद सभापति जैसे महत्वपूर्ण पद को एक लायन सदस्य द्वारा सुशोभित किया जाना उनके लिए व्यक्तिगत रूप से भी गर्व का विषय है और गंगापुर सिटी को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के लिए वे हरसंभव सहयोग करेंगे।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि डॉ. कुलभूषण मित्तल ने सभापति सहित मंचासीन अतिथियों एवं पार्षदों को अपनी ओर से चांदी के कलश भेंट कर सम्मानित किया। वहीं लायंस क्लब गरिमा के सभी सदस्यों ने सभापति लायन कृष्ण कुमार गोयल को 51 किलो की विशाल पुष्पमाला पहनाकर भव्य स्वागत एवं अभिनन्दन किया। क्लब की ओर से मुख्य अतिथि सहित सभी मंचासीन अतिथियों एवं सम्मानित पार्षदों को स्मृति चिन्ह भी भेंट किए गए।
अभिनन्दन से अभिभूत सभापति लायन कृष्ण कुमार गोयल ने मुख्य अतिथि लायन डॉ. कुलभूषण मित्तल के गंगापुर सिटी आगमन पर आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि लायंस इंटरनेशनल डायरेक्टर जैसी वैश्विक स्तर की शख्सियत का गंगापुर सिटी पदार्पण करना पूरे शहर एवं लायनवाद के लिए ऐतिहासिक क्षण है। उन्होंने शहर की स्वच्छता को लेकर डॉ. मित्तल द्वारा दिए गए सुझावों तथा इंदौर शहर की सफाई व्यवस्था के मॉडल को अपनाने के प्रस्ताव के लिए उनका आभार व्यक्त किया।
सभापति ने अपने चुनाव अभियान को याद करते हुए कहा कि उनकी विजय में लायंस क्लब गरिमा के प्रत्येक सदस्य का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने विशेष रूप से लायंस क्लब गरिमा की नारी शक्ति द्वारा चुनाव के दौरान किए गए अथक परिश्रम एवं सहयोग को नमन करते हुए कहा कि उनकी जीत वास्तव में क्लब परिवार की सामूहिक मेहनत और समर्थन का परिणाम है।
उन्होंने बताया कि सभापति का पद संभालने के शुरुआती दिनों से ही शहर की सफाई, लाइटिंग एवं अन्य नागरिक समस्याओं के समाधान के लिए विशेष अभियान शुरू किया गया है। इसके तहत पांच-पांच वार्डों के क्लस्टर बनाकर टीम को मौके पर भेजा जा रहा है और वार्ड से संबंधित समस्याओं का मौके पर ही समाधान करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि नगर परिषद के प्रयासों के साथ नागरिक भी अपनी जिम्मेदारी निभाएं और शहर को स्वच्छ बनाए रखने में सक्रिय सहयोग दें। उन्होंने कहा कि उनका सपना ‘स्वस्थ गंगापुर, स्वच्छ गंगापुर’ है और यह सपना जनसहयोग से ही साकार होगा।
समारोह में गंगापुर सिटी में कार्यरत सभी लायंस क्लबों के सदस्यों के साथ-साथ सवाई माधोपुर एवं करौली के लायंस क्लबों के सदस्य, भारत विकास परिषद की विभिन्न शाखाओं के पदाधिकारी, मानव सेवा संस्थान, अपना घर सेवा समिति, रीको उपक्रमी संघ, श्याम मंदिर कमेटी के पदाधिकारी तथा शहर के विभिन्न समाजों के गणमान्य प्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। उन्होंने भी सभापति एवं लायन पार्षदों का माला-साफा पहनाकर सम्मान किया।
कार्यक्रम में क्लब के चार्टर अध्यक्ष लायन सौरभ बरडिया, सचिव लायन वीरेंद्र आर्य, कोषाध्यक्ष लायन आलोक मित्तल, समारोह संयोजक लायन मनीष सागवान सहित लायन सचिन बंसल, लायन सोमव्रत अग्रवाल, लायन मनीष गोयल, लायन हनुमान नारौली, लायन वासुदेव बंसल सहित लायंस क्लब गरिमा के सभी सदस्य मौजूद रहे। समारोह ने सेवा, सम्मान और सामाजिक सरोकारों के साथ गंगापुर सिटी के स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ भविष्य के संकल्प को नई ऊर्जा प्रदान की।

Madan Mohan Garg(Gangapur City)
नाम: मदन मोहन गर्ग
वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (दैनिक प्रातःकाल, गंगापुर सिटी)
कार्यक्षेत्र: गंगापुर सिटी विधानसभा क्षेत्र सहित सवाई माधोपुर और करौली जिला
बीट: प्रशासनिक समाचार, सामाजिक कार्यक्रम, जनसमस्याएं एवं सभी क्षेत्र
परिचय
मदन मोहन गर्ग राजस्थान के गंगापुर सिटी क्षेत्र के वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'दैनिक प्रातःकाल' में गंगापुर सिटी के ब्यूरो चीफ के रूप में कार्यरत हैं। उनका मुख्य कार्यक्षेत्र गंगापुर सिटी विधानसभा सहित सवाई माधोपुर और करौली जिला है। वह स्थानीय जनसमस्याओं, प्रशासनिक गतिविधियों, सरकारी योजनाओं और सामाजिक कार्यक्रमों सहित सभी क्षेत्रों की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव
मदन मोहन गर्ग को क्षेत्रीय पत्रकारिता का लंबा अनुभव है। वह साल 2015 से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' समाचार पत्र से जुड़े हुए हैं और क्षेत्र में समाचार संकलन व ब्यूरो संचालन का कार्य संभाल रहे हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
वह उच्च शिक्षित हैं और उनकी शैक्षणिक योग्यता इस प्रकार है:
- बी.ए. (B.A.) और बी.एड. (B.Ed.)
- एम.ए. (M.A.) और एम.एड. (M.Ed. - मास्टर ऑफ एजुकेशन)
