गंगापुर सिटी। हर-हर महादेव के जयकारों और डीजे-बैंड की धुनों के बीच मंगलवार को श्री शिव भक्त मंडल की ओर से चतुर्थ कावड़ यात्रा धूमधाम से निकाली गई। यात्रा में सैकड़ों कावड़िए और शिव भक्त शामिल हुए। शहर में जगह-जगह पुष्प वर्षा, जलपान और अल्पाहार के साथ कावड़ियों का स्वागत किया गया।

यात्रा से पहले सभी शिव भक्त धुंधेश्वरधाम पहुंचे। यहां द्वादश ज्योतिर्लिंग मंदिर में पंडित लोकेश शर्मा ने मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना और आरती कराई। इस दौरान निवर्तमान सभापति शिवरतन अग्रवाल सहित मंडल पदाधिकारी और शिव भक्त मौजूद रहे।

कावड़ यात्रा में भगवान शिव-पार्वती, राधा-कृष्ण, गणेश-कार्तिक, श्रीराम दरबार, हनुमानजी, नंदी पर सवार शिव-पार्वती, भगवान विष्णु, काल भैरव और भगवान शिव की पांच बेटियों की झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। भजनों पर नृत्य करती भूत-प्रेतों की टोली ने भी श्रद्धालुओं का ध्यान आकर्षित किया।

धुंधेश्वरधाम से शुरू हुई यात्रा उघाड़मल बालाजी, मिर्जापुर, ईदगाह, खंडेलवाल धर्मशाला, ट्रक यूनियन, कैलाश टॉकीज, बालाजी चौक, चौपड़, खारी बाजार, देवी स्टोर चौराहा और व्यापार मंडल होते हुए पंचायत समिति स्थित ममलेश्वर महादेव मंदिर पहुंची। यहां कावड़ियों ने धुंधेश्वरधाम से लाए गए पवित्र जल से भगवान शिव का अभिषेक किया।

मंडल के प्रचार मंत्री रिजुल गर्ग ने बताया कि यात्रा में अध्यक्ष भुवनेश गर्ग, पुष्पेंद्र सिंह तोमर, आयुष बजाज, तरुण मंगल, गोलू समरवाल, वेदप्रकाश गुप्ता, गौरव मंगल, अक्षय बंसल, सौरभ गुप्ता, रजत सोनी, राहुल गोयल, हनी शर्मा और आशीष सहित मंडल के पदाधिकारी एवं सैकड़ों शिव भक्त शामिल रहे।

कावड़ यात्रा को लेकर प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए। धार्मिक झांकियों, भजनों और शिवभक्तों की मौजूदगी के बीच यात्रा शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए ममलेश्वर महादेव मंदिर पहुंची, जहां पवित्र जल से भगवान शिव का अभिषेक किया गया।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story