गंगापुर सिटी में कैला देवी मंदिर में चुनरी और छप्पन भोग महोत्सव आयोजित
मां कैला देवी सेवा संस्थान द्वारा आयोजित दो दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान में 108 मीटर लंबी चुनरी शोभायात्रा और छप्पन भोग के साथ भव्य जागरण का आयोजन हुआ।

गंगापुर सिटी में मां कैला देवी सेवा संस्थान के दो दिवसीय महोत्सव के दौरान कैला देवी मंदिर के प्रवेश द्वार पर 108 मीटर लंबी चुनरी और ध्वजा अर्पित करने पहुंचे हजारों श्रद्धालु।
गंगापुर सिटी में मां कैला देवी सेवा संस्थान के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय चुनरी एवं छप्पन भोग महोत्सव शुक्रवार को भक्ति और श्रद्धा के अद्भुत संगम में बदल गया। शाम 7 बजे 108 मीटर लंबी विशाल चुनरी और ध्वजा के साथ निकली भव्य शोभायात्रा में हजारों श्रद्धालु शामिल हुए। बैंड-बाजों और जयकारों के बीच भक्त माता रानी की पोशाक सिर पर धारण कर कैला देवी मैया के मंदिर पहुंचे और विशाल चुनरी अर्पित कर देश व परिवार की खुशहाली की कामना की।
हजारों भक्तों के जयकारों से मंदिर परिसर और आसपास का क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में डूब गया। संस्थान अध्यक्ष दिनेश चंद, संयोजक सुरेश गुप्ता टेंट वाले, गोपाल सोनी, रमेश चंद तिवारी, वेद प्रकाश मंगल, नवल गुप्ता बैंक वाले, कैलाश चंद, राजेंद्र वैष्णव, राकेश मंगल, डॉ. एस.एन. शर्मा, दिनेश रीडर, महेश नारोली, लक्ष्मण गुप्ता, महेश, रमेश परासोट, अशोक मंगल, रामकिशोर खंडेलवाल, देवकीनंदन महादेव, सतीश चंद्र, चंद्रभान, स्वास्तिक, लक्ष्मी नारायण प्रॉपर्टी, गोपाल खप्पा, विजय मित्तल सहित संस्थान कार्यकर्ताओं ने चुनरी और ध्वज का विधिवत पूजन किया। इसके बाद चुनरी भक्तों को सौंपते हुए जयकारों के साथ माता मंदिर के लिए रवाना किया गया।
विशाल चुनरी यात्रा में महिला श्रद्धालुओं ने मंगल गीत गाए और जयकारों से माहौल को धार्मिक ऊर्जा से भर दिया। श्रद्धालुओं ने माता रानी के दर्शन कर मनौतियां मांगी। इसके बाद रात्रि 10 बजे कैला देवी ट्रस्ट आश्रम में विशाल भगवती जागरण आयोजित हुआ, जिसमें हजारों श्रद्धालु देर रात तक भक्ति संगीत पर झूमते रहे।
आगरा की सुप्रसिद्ध कलाकारों ने माता रानी के भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। जागरण में अयोध्या के राम और हनुमानजी की आकर्षक झांकियां प्रस्तुत की गईं। मधुर संगीत और भजन-कीर्तन के बीच श्रद्धालुओं ने जमकर ठुमके लगाए। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि निहाल सिंह गुर्जर, विशिष्ट अतिथि कांग्रेस कमेटी के प्रदेश सचिव राजेश दुबे विदिशा रहे, जबकि अध्यक्षता संस्थान अध्यक्ष दिनेश चंद्र गुप्ता ने की।
अष्टमी शनिवार को प्रातः 4 बजे माता रानी को छप्पन भोग अर्पित कर मंगला दर्शन किए गए। सुबह 7 बजे माता रानी की विशेष पोशाक और श्रृंगार के साथ छप्पन भोग लगाया गया, जहां हजारों श्रद्धालुओं ने महाआरती और दर्शन का लाभ लिया। रात्रि 10 बजे कैला देवी आश्रम में 151 कन्याओं को भोजन कराकर विशाल भंडारे का आयोजन किया गया।
दो दिवसीय चुनरी एवं 56 भोग महोत्सव और जागरण आयोजन में संस्थान के सदस्य रमेश चंद्र, महेश गुप्ता, दिनेश चंद्र, विनोद खंडेलवाल, विजय गुप्ता, घनश्याम गुप्ता, दिनेश रीडर, चंद्रभान बन्टी सहित श्रद्धालुओं ने श्रमदान कर व्यवस्थाएं संभालीं। आयोजन के समापन पर संस्थान द्वारा श्रद्धालुओं और दानदाताओं को माता रानी का स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। भव्य धार्मिक आयोजन ने गंगापुर सिटी में आस्था, श्रद्धा और सामूहिक सहभागिता का अनूठा उदाहरण प्रस्तुत किया।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
