अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकसित गंगापुर सिटी जंक्शन रेलवे स्टेशन का शुक्रवार, 17 जुलाई 2026 को प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने पंजाब के जालंधर से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राष्ट्र को समर्पित किया। देशभर के 20 राज्यों में स्थित 75 अमृत भारत स्टेशनों के साथ हुए इस वर्चुअल लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान स्टेशन परिसर में आयोजित भव्य समारोह में क्षेत्र के नागरिकों, यात्रियों और विद्यार्थियों की बड़ी संख्या मौजूद रही। लगभग 1,570 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किए गए ये स्टेशन विश्व के सबसे बड़े स्टेशन पुनर्विकास कार्यक्रमों में शामिल हैं। राजस्थान के 5 और पश्चिम मध्य रेलवे के 6 स्टेशनों में कोटा मंडल का गंगापुर सिटी जंक्शन भी इस लोकार्पण समारोह का हिस्सा रहा।

स्टेशन परिसर में आयोजित समारोह में राजस्थान सरकार के सहकारिता मंत्री (प्रभारी सवाई माधोपुर) श्री गौतम कुमार दक ने मुख्य अतिथि एवं अध्यक्ष के रूप में भाग लिया। कार्यक्रम में टोंक-सवाई माधोपुर के सांसद श्री हरीश चंद्र मीणा तथा गंगापुर सिटी के विधायक श्री रामकेश मीणा सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई।

समारोह की शुरुआत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों से हुई, जिसमें कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का उत्साह बढ़ाया। इसके बाद स्थानीय विद्यालयों में आयोजित निबंध लेखन एवं चित्रकला प्रतियोगिताओं के विजेताओं तथा “गंगापुर जंक्शन-सेल्फी का टशन” सेल्फी प्रतियोगिता के विजेताओं को मंच पर आमंत्रित कर गणमान्य अतिथियों ने सम्मानित किया।

इसके पश्चात प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से देशभर के 75 अमृत भारत स्टेशनों का एक साथ लोकार्पण किया। स्टेशन परिसर में मौजूद लोगों ने इस ऐतिहासिक क्षण का लाइव प्रसारण बड़े उत्साह के साथ देखा।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंडल रेल प्रबंधक श्री अनिल कालरा ने कहा कि पुनर्विकसित गंगापुर सिटी जंक्शन स्टेशन यात्रियों को पहले की तुलना में अधिक सुरक्षित, सुविधाजनक और आधुनिक यात्रा अनुभव उपलब्ध कराएगा। उन्होंने कहा कि यह स्टेशन क्षेत्रीय विकास, पर्यटन, व्यापार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नई गति देगा। उन्होंने इसे कोटा मंडल के लिए ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण उपलब्धि बताते हुए क्षेत्रवासियों को हार्दिक बधाई दी।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक एवं जनसम्पर्क अधिकारी श्री सौरभ जैन ने बताया कि गंगापुर सिटी स्टेशन का पुनर्विकास अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत लगभग 25 करोड़ रुपये की लागत से पूरा किया गया है। उन्होंने बताया कि स्टेशन पर लगभग 555 वर्गमीटर क्षेत्र में भवन का विस्तार एवं नवीनीकरण किया गया है। इसके साथ ही 3 नए वातानुकूलित प्रतीक्षालय, 4 आधुनिक शौचालय ब्लॉक, लगभग 10,000 वर्गमीटर में विकसित सर्कुलेटिंग एरिया, लिफ्ट और एस्केलेटर सहित 12 मीटर चौड़ा फुट ओवर ब्रिज, लगभग 960 वर्गमीटर में नए प्लेटफॉर्म शेल्टर तथा लगभग 12,000 वर्गमीटर क्षेत्र में प्लेटफॉर्म सरफेसिंग का कार्य पूर्ण किया जा चुका है। स्टेशन को रैंप, टैक्टाइल पाथ, दिव्यांग अनुकूल शौचालय, व्हीलचेयर और सुगम पहुंच मार्ग सहित पूर्णतः दिव्यांगजन अनुकूल बनाया गया है।

उन्होंने आगे बताया कि स्टेशन पर डिजिटल यात्री सूचना प्रणाली, कोच पोजिशन डिस्प्ले बोर्ड और अत्याधुनिक पब्लिक एड्रेस सिस्टम स्थापित किए गए हैं, जिससे यात्रियों को त्वरित एवं सटीक जानकारी उपलब्ध होगी। साथ ही ऊर्जा दक्ष एलईडी प्रकाश व्यवस्था स्थापित कर स्टेशन परिसर को सुरक्षित और पर्यावरण-अनुकूल बनाया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि पश्चिम मध्य रेलवे स्तर पर गंगापुर सिटी जंक्शन सहित कुल 6 स्टेशनों के पुनर्विकास पर 133 करोड़ रुपये से अधिक की लागत व्यय की गई है।

समारोह में रेलवे प्रशासन की ओर से मंडल रेल प्रबंधक श्री अनिल कालरा, अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री योगेश कुमार मित्तल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी, पर्यवेक्षक और कर्मचारी भी उपस्थित रहे। अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत गंगापुर सिटी जंक्शन का यह पुनर्विकास यात्रियों के लिए आधुनिक सुविधाओं के विस्तार और क्षेत्रीय विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में सामने आया।

Madan Mohan Garg(Gangapur City)

Madan Mohan Garg(Gangapur City)

नाम: मदन मोहन गर्ग

वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (दैनिक प्रातःकाल, गंगापुर सिटी)

कार्यक्षेत्र: गंगापुर सिटी विधानसभा क्षेत्र सहित सवाई माधोपुर और करौली जिला

बीट: प्रशासनिक समाचार, सामाजिक कार्यक्रम, जनसमस्याएं एवं सभी क्षेत्र

परिचय 

मदन मोहन गर्ग राजस्थान के गंगापुर सिटी क्षेत्र के वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'दैनिक प्रातःकाल' में गंगापुर सिटी के ब्यूरो चीफ के रूप में कार्यरत हैं। उनका मुख्य कार्यक्षेत्र गंगापुर सिटी विधानसभा सहित सवाई माधोपुर और करौली जिला है। वह स्थानीय जनसमस्याओं, प्रशासनिक गतिविधियों, सरकारी योजनाओं और सामाजिक कार्यक्रमों सहित सभी क्षेत्रों की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव

मदन मोहन गर्ग को क्षेत्रीय पत्रकारिता का लंबा अनुभव है। वह साल 2015 से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' समाचार पत्र से जुड़े हुए हैं और क्षेत्र में समाचार संकलन व ब्यूरो संचालन का कार्य संभाल रहे हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

वह उच्च शिक्षित हैं और उनकी शैक्षणिक योग्यता इस प्रकार है:

  • बी.ए. (B.A.) और बी.एड. (B.Ed.)
  • एम.ए. (M.A.) और एम.एड. (M.Ed. - मास्टर ऑफ एजुकेशन)

Next Story