अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत पुनर्विकसित गंगापुर सिटी जंक्शन रेलवे स्टेशन के आगामी लोकार्पण से पहले गंगापुर सिटी के प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और सोशल मीडिया प्रतिनिधियों के लिए विशेष मीडिया दौरे का आयोजन किया गया। इस दौरान मंडल रेल प्रबंधक श्री अनिल कालरा ने स्टेशन पर किए गए पुनर्विकास कार्यों, विकसित यात्री सुविधाओं और 17 जुलाई 2026 को आयोजित होने वाले लोकार्पण समारोह की तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी तथा मीडिया प्रतिनिधियों को स्टेशन का भ्रमण कराया।

मंडल रेल प्रबंधक श्री अनिल कालरा ने बताया कि माननीय प्रधानमंत्री 17 जुलाई 2026 को अपराह्न 3:45 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से देशभर के 75 अमृत भारत स्टेशनों का एक साथ लोकार्पण करेंगे। उन्होंने कहा कि इन स्टेशनों में राजस्थान के 5 स्टेशन तथा पश्चिम मध्य रेलवे के 6 स्टेशन शामिल हैं, जिनमें कोटा मंडल का गंगापुर सिटी जंक्शन भी सम्मिलित है। उन्होंने इसे कोटा मंडल के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।

श्री कालरा ने बताया कि गंगापुर सिटी स्टेशन का पुनर्विकास अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत लगभग 25 करोड़ रुपये की लागत से किया गया है और स्टेशन से संबंधित सभी निर्धारित कार्य पूर्ण हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि लगभग 555 वर्गमीटर क्षेत्र में स्टेशन भवन का विस्तार एवं नवीनीकरण किया गया है। यात्रियों की सुविधा के लिए 3 नए वातानुकूलित प्रतीक्षालय, 4 आधुनिक शौचालय ब्लॉक, लगभग 10,000 वर्गमीटर में विकसित सर्कुलेटिंग एरिया तथा सुव्यवस्थित यातायात प्रणाली तैयार की गई है। प्लेटफॉर्मों को जोड़ने के लिए लिफ्ट और एस्केलेटर सहित 12 मीटर चौड़ा आधुनिक फुट ओवर ब्रिज बनाया गया है। इसके अलावा लगभग 960 वर्गमीटर क्षेत्र में नए प्लेटफॉर्म शेल्टर तथा लगभग 12,000 वर्गमीटर क्षेत्र में प्लेटफॉर्म सरफेसिंग का कार्य भी पूरा किया गया है।

उन्होंने बताया कि दिव्यांगजनों की सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए स्टेशन को पूर्णतः दिव्यांगजन अनुकूल बनाया गया है। इसके तहत रैंप, टैक्टाइल पाथ, पृथक पार्किंग, दिव्यांग अनुकूल शौचालय एवं पेयजल सुविधा, व्हीलचेयर, हेल्प बूथ तथा सुगम पहुंच मार्ग उपलब्ध कराए गए हैं। स्टेशन पर आधुनिक साइनेज, ट्रेन सूचना बोर्ड, कोच पोजीशन डिस्प्ले सिस्टम और डिजिटल प्लेटफॉर्म घड़ियां भी स्थापित की गई हैं।

मीडिया दौरे के दौरान श्री कालरा ने बताया कि 17 जुलाई 2026 को स्टेशन परिसर में आयोजित होने वाले लोकार्पण समारोह में दोपहर 2:00 बजे से सांसद, विधायक, अन्य जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, विद्यार्थी, यात्रीगण, जनसमूह तथा रेलवे अधिकारी उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, पुरस्कार वितरण और फिल्म प्रदर्शन का आयोजन किया जाएगा, जिसके बाद माननीय प्रधानमंत्री वर्चुअल माध्यम से स्टेशन का लोकार्पण करेंगे।

मीडिया दौरे के बाद मंडल रेल प्रबंधक श्री अनिल कालरा ने स्टेशन परिसर का निरीक्षण कर 17 जुलाई को होने वाले समारोह की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समारोह स्थल की साज-सज्जा, बैठक व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध तथा अन्य सभी तैयारियों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कहा कि पुनर्विकसित गंगापुर सिटी जंक्शन स्टेशन यात्रियों को पहले से अधिक सुरक्षित, सुविधाजनक और आधुनिक यात्रा अनुभव उपलब्ध कराएगा तथा क्षेत्रीय विकास, पर्यटन, व्यापार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई गति देगा। उन्होंने इसे कोटा मंडल के लिए ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण अवसर बताया।

मीडिया दौरे के अंत में उपस्थित मीडियाकर्मियों ने स्टेशन पर हुए पुनर्विकास कार्यों का प्रत्यक्ष निरीक्षण किया और मंडल रेल प्रबंधक के नेतृत्व में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। 17 जुलाई को होने वाला यह लोकार्पण समारोह गंगापुर सिटी जंक्शन को अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत विकसित आधुनिक रेलवे स्टेशनों की श्रेणी में स्थापित करेगा।

Madan Mohan Garg(Gangapur City)

Madan Mohan Garg(Gangapur City)

नाम: मदन मोहन गर्ग

वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (दैनिक प्रातःकाल, गंगापुर सिटी)

कार्यक्षेत्र: गंगापुर सिटी विधानसभा क्षेत्र सहित सवाई माधोपुर और करौली जिला

बीट: प्रशासनिक समाचार, सामाजिक कार्यक्रम, जनसमस्याएं एवं सभी क्षेत्र

परिचय 

मदन मोहन गर्ग राजस्थान के गंगापुर सिटी क्षेत्र के वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'दैनिक प्रातःकाल' में गंगापुर सिटी के ब्यूरो चीफ के रूप में कार्यरत हैं। उनका मुख्य कार्यक्षेत्र गंगापुर सिटी विधानसभा सहित सवाई माधोपुर और करौली जिला है। वह स्थानीय जनसमस्याओं, प्रशासनिक गतिविधियों, सरकारी योजनाओं और सामाजिक कार्यक्रमों सहित सभी क्षेत्रों की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव

मदन मोहन गर्ग को क्षेत्रीय पत्रकारिता का लंबा अनुभव है। वह साल 2015 से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' समाचार पत्र से जुड़े हुए हैं और क्षेत्र में समाचार संकलन व ब्यूरो संचालन का कार्य संभाल रहे हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

वह उच्च शिक्षित हैं और उनकी शैक्षणिक योग्यता इस प्रकार है:

  • बी.ए. (B.A.) और बी.एड. (B.Ed.)
  • एम.ए. (M.A.) और एम.एड. (M.Ed. - मास्टर ऑफ एजुकेशन)

Next Story