रीवा के निकट 20 मई 2026 को हुई भीषण सड़क दुर्घटना में परम पूज्य आर्यिका श्री श्रुतमति माताजी एवं परम पूज्य आर्यिका श्री उपशममति माताजी के अकाल समाधिमरण के बाद संपूर्ण जैन समाज में शोक और आक्रोश व्याप्त है। परम पूज्य आचार्य श्री सुधासागर जी महाराज एवं परम पूज्य मुनि श्री प्रमाणसागर जी महाराज के राष्ट्रीय आह्वान पर गंगापुर सिटी में रविवार को “राष्ट्रीय संत सुरक्षा अभियान” के अंतर्गत विनयांजलि सभा और विशाल मौन जुलूस आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सकल जैन समाज की अभूतपूर्व भागीदारी देखने को मिली।

प्रातः 8 बजे श्री 1008 आदिनाथ दिगंबर जैन मंदिर में विनयांजलि सभा आयोजित हुई। सभा का शुभारंभ सामूहिक णमोकार मंत्र पाठ से हुआ। इसके बाद दोनों तपस्विनी माताजी की आत्मशांति के लिए दो मिनट का मौन रखा गया। इस दौरान सकल जैन समाज की ओर से नरेंद्र जैन नृपत्या ने माताजी के त्याग, तपस्या और आध्यात्मिक जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जिनके चरणों से धरती पवित्र होती थी, उनका इस प्रकार सड़क दुर्घटना में चले जाना केवल जैन समाज ही नहीं, बल्कि संपूर्ण मानवता की क्षति है।

सभा के बाद सुबह 8:30 बजे मंदिर से उप जिला कलेक्टर कार्यालय तक विशाल मौन जुलूस निकाला गया। पुरुष वर्ग सफेद वस्त्रों में और महिला वर्ग केसरिया साड़ी में शामिल हुआ। जुलूस में सबसे आगे महिलाएं धर्म ध्वज लेकर चल रही थीं। समाजबंधु हाथों में संत सुरक्षा से जुड़ी मांगों और नारों वाले डिस्प्ले बोर्ड लिए पूर्ण मौन, अनुशासन और शोक के साथ कदमताल करते रहे।

मौन जुलूस जैन स्थानक, बालाजी चौक, खारी बाजार, देवी स्टोर चौराहा और सब्जी मंडी होते हुए एसडीएम कार्यालय पहुंचा। शहरवासियों ने पहली बार ऐसा दृश्य देखा, जहां बिना नारे और बिना शोर के केवल मौन के माध्यम से समाज ने अपनी पीड़ा और मांगों को व्यक्त किया। आमजन स्वयं रास्ता छोड़कर शांतिपूर्ण जुलूस को निकलने देते रहे। पुलिस प्रशासन भी पूरे मार्ग में जुलूस के साथ मौजूद रहा। तहसीलदार मुकेश शर्मा और कोतवाली थाना प्रभारी करण सिंह राठौड़ प्रशासन की ओर से उपस्थित रहे।

एसडीएम कार्यालय पहुंचने पर दिगंबर जैन समाज अध्यक्ष प्रवीण जैन गंगवाल, देवेंद्र जैन पांड्या, पूर्व अध्यक्ष सुभाष जैन पांड्या, श्वेतांबर जैन समाज अध्यक्ष रितेश पल्लीवाल, मंत्री सुमित जैन, दिगंबर जैन सोशल ग्रुप अध्यक्ष नरेंद्र नृपत्या, मंत्री महेश जैन, भारतीय जैन मिलन अध्यक्ष डॉ. मनोज जैन, सचिव रितेश पल्लीवाल, दिगंबर जैन महासमिति महिलांचल गंगापुर शाखा अध्यक्ष मोनिका जैन, श्री जैन श्वेताम्बर पल्लीवाल (मू.पू.) संघ, श्री रत्न हितैषी श्रावक संघ और श्री जैन श्वेताम्बर नवयुवक मंडल की ओर से तहसीलदार मुकेश शर्मा एवं थाना प्रभारी करण सिंह राठौड़ को ज्ञापन सौंपा गया।

ज्ञापन में रीवा दुर्घटना के दोषी के खिलाफ एसआईटी गठित कर कठोरतम कार्रवाई की मांग की गई। साथ ही सभी राष्ट्रीय और राज्य राजमार्गों पर जैन साधु-संतों के पद विहार के लिए अलग “संत सुरक्षा लेन” बनाने, मंगल विहार के दौरान संबंधित थानों द्वारा पुलिस पेट्रोलिंग सुनिश्चित करने, विहार मार्ग में पड़ने वाले सरकारी विद्यालयों और पंचायत भवनों में रात्रि विश्राम की स्थायी व्यवस्था करने, जिला स्तर पर “संत सुरक्षा समन्वय समिति” गठित करने तथा देशभर में “संत सुरक्षा कोड” लागू करने की मांग रखी गई।

यह ज्ञापन महामहिम राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, केंद्रीय रक्षा मंत्री, केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री, राजस्थान के मुख्यमंत्री तथा जिला कलेक्टर के नाम प्रेषित किया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ समाजजन डॉक्टर पीसी सेठी, निर्मल जैन, अरिहंत जैन, राजेश गंगवाल, जगदीश जैन, मंगल जैन, शालु जैन, विजेंद्र कासलीवाल, विमल जैन गोधा, सुमेर जैन सोनी, बाबूलाल जैन, सुभाष जैन सौगानी, कृष्ण कुमार जैन, सुमित जैन, भगवान सहाय जैन, अरविंद जैन, पदम जैन, राजेंद्र जैन, विकास जैन, रजनीश जैन, महावीर जैन, नितेश जैन, अनिल जैन, सतीश जैन और निलेश जैन सहित सैकड़ों जैन बंधु एवं महिलाएं मौन जुलूस में शामिल रहीं।

तहसीलदार मुकेश शर्मा और थाना प्रभारी करण सिंह राठौड़ ने समाज को आश्वस्त किया कि सभी ज्ञापन उचित माध्यम से उच्च स्तर पर भेजे जाएंगे। साथ ही स्थानीय स्तर पर जैन साधु-संतों के मंगल विहार, सुरक्षा और रात्रि विश्राम से संबंधित व्यवस्थाओं पर तत्काल कार्रवाई का भरोसा दिलाया गया।

कार्यक्रम के समापन पर उप जिला कलेक्टर परिसर में उपस्थित समाजबंधुओं ने पुनः दो मिनट तक णमोकार मंत्र का पाठ कर दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित की। ज्ञापन प्रस्तुत होने तक शहर के सभी जैन प्रतिष्ठान स्वेच्छा से बंद रहे। “जो जगत को शांति देते हैं, उन्हें सुरक्षा दो — यही सच्ची श्रद्धांजलि है” के उद्घोष के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story