गंगापुर सिटी। मां इंदरगढ़ बिजासन सेवा समिति, इंदरगढ़ द्वारा गंगापुर के निर्माणाधीन धर्मशाला को लेकर बुधवार रात्रि 8:00 बजे कर्मचारी कॉलोनी स्थित गौरव मैरिज होम के सामने इंदरगढ़ दरबार में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता समिति अध्यक्ष देवी चरण गर्ग ने की।

बैठक में महामंत्री वेद प्रकाश मंगल ने जानकारी देते हुए बताया कि धर्मशाला निर्माण कार्य बीते कुछ माह से ठेकेदार के अस्वस्थ रहने तथा उनके निधन के कारण बाधित हो गया था। इसके पश्चात 3 मई को पूर्व चेयरमैन सुरेश चंद सिंघल, समिति अध्यक्ष देवी चरण गर्ग, कैलाश चंद, राम अवतार सहित समिति प्रतिनिधियों ने ठेकेदार प्रतिनिधि से चर्चा कर निर्माण कार्य पुनः प्रारंभ कराया।

बैठक में यह भी बताया गया कि धर्मशाला में रसोई की समस्त सुविधाएं उपलब्ध करा दी गई हैं तथा भीषण गर्मी को देखते हुए कूलर एवं ठंडा पेयजल व्यवस्था हेतु वाटर कूलर स्थापित किए गए हैं। सुरक्षा एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए वाई-फाई आधारित कैमरा सिस्टम भी लगाया गया है। धर्मशाला में जागरण, कथा, विवाह समारोह तथा सामूहिक सवामणी आदि आयोजनों की समुचित व्यवस्था उपलब्ध कराई गई है।

सभापति शिवरतन अग्रवाल ने कहा कि धर्मशाला के शेष निर्माण कार्य हेतु कोष की व्यवस्था, नए ट्रस्टी एवं सदस्य बनाए जाने तथा भामाशाहों द्वारा की गई घोषणाओं के आधार पर संपर्क कर धन संग्रह किया जाना आवश्यक है, जिससे निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण किया जा सके।

समिति सदस्य कैलाश चंद ने अब तक दानदाताओं से प्राप्त राशि एवं शेष घोषणाओं की जानकारी प्रस्तुत की। दिनेश चंद्र (करणपुर वाले) ने सभी दानदाताओं से संपर्क कर राशि जुटाने पर जोर दिया। डॉ. सीताराम ने कहा कि धर्मशाला को पूर्ण सुविधाओं से युक्त किया जाए ताकि माता के दर्शनार्थ आने वाले श्रद्धालुओं को उत्तम ठहरने की व्यवस्था मिल सके।

समिति अध्यक्ष देवी चरण गर्ग ने घोषणा की कि 8 मई से धर्मशाला निर्माण का शेष कार्य ठेकेदार द्वारा पुनः प्रारंभ कर दिया जाएगा, जिसके लिए निर्माण सामग्री स्थल पर पहुंचा दी गई है। बैठक में शीघ्र ही समिति की आम सभा आयोजित करने पर भी विचार किया गया।

बैठक में जगदीश गर्ग, विपिन गर्ग, आकाश सहित कई सदस्य उपस्थित रहे। यह बैठक धर्मशाला निर्माण कार्य को गति देने एवं उसे पूर्ण सुविधाओं से युक्त करने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story