गंगापुर सिटी: पुरानी स्मृतियों के संगम के साथ सिक्किम के महामहिम राज्यपाल ओमप्रकाश माथुर का ऐतिहासिक नागरिक अभिनंदन
सिक्किम के महामहिम राज्यपाल ओमप्रकाश माथुर का उनके पुराने राजनीतिक कार्यक्षेत्र गंगापुर सिटी में ऐतिहासिक नागरिक अभिनंदन किया गया। पूर्व विधायक मानसिंह गुर्जर के आवास पर भाजपा कार्यकर्ताओं और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने माला-साफा पहनाकर उनका स्वागत किया। महामहिम ने पुरानी यादों को ताजा करते हुए क्षेत्र से अपने गहरे लगाव को साझा किया और स्थानीय लोक संस्कृति का आनंद लिया।

गंगापुर सिटी। राजस्थान की माटी से निकलकर देश के विभिन्न राजनीतिक सोपानों को तय करते हुए सिक्किम के महामहिम राज्यपाल एवं भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता ओमप्रकाश माथुर जब गुरुवार को अपने पुराने राजनीतिक कार्यक्षेत्र गंगापुर सिटी पहुंचे, तो दृश्य किसी भावुक पुनर्मिलन जैसा प्रतीत हुआ। धार्मिक नगरी करौली में आराध्य देव मदन मोहन जी एवं शक्तिपीठ कैला देवी के दर्शनों हेतु प्रस्थान के दौरान, महामहिम का काफिला गंगापुर सिटी में रुका, जहाँ उनका भव्य और नागरिक अभिनंदन किया गया। भाजपा जिलाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक मानसिंह गुर्जर के निज निवास पर आयोजित इस गरिमामयी समारोह में उमड़ी भीड़ ने यह सिद्ध कर दिया कि सत्ता के शिखर पर पहुँचने के बाद भी माथुर का जुड़ाव अपनी जड़ों से आज भी उतना ही गहरा है।
गंगापुर सिटी के चारों मंडलों—तलावड़ा, वजीरपुर, गंगापुर ग्रामीण एवं गंगापुर शहरी क्षेत्र—के पदाधिकारियों सहित विभिन्न सामाजिक और व्यापारिक संगठनों ने महामहिम का माला, साफा और दुपट्टा पहनाकर आत्मीय स्वागत किया। इस दौरान वातावरण तब और भी हर्षोल्लास से भर गया जब कार्यकर्ताओं ने महामहिम को उनके आगामी जन्मदिन (2 जनवरी) की अग्रिम शुभकामनाएं प्रेषित कीं। स्वागत से अभिभूत महामहिम ने अपने उद्बोधन में अतीत के झरोखों से झांकते हुए कहा कि गंगापुर सिटी उनके प्रारंभिक राजनीतिक संघर्ष की साक्षी रही है। उन्होंने पुरानी यादें ताजा करते हुए बताया कि किस प्रकार उन्होंने मोटरसाइकिल और अन्य दुपहिया वाहनों से वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ गलियों-मोहल्लों में संघर्षशील राजनीति को करीब से जिया था। उनके शब्दों में—"गंगापुर शहर से मेरा गहरा लगाव रहा है, आप सभी के सत्कार से मैं अत्यंत गौरवान्वित हूं।"
इस अवसर पर स्थानीय संस्कृति की छटा भी देखने को मिली, जब महामहिम ने लोकगायन 'रामरसिया' के कलाकार धवलेराम और उनकी टीम के पास पहुंचकर राजस्थान की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का आनंद लिया। इस ऐतिहासिक स्वागत समारोह में शहर के प्रबुद्धजनों और गणमान्य नागरिकों की लंबी उपस्थिति रही। कार्यक्रम में सभापति शिवरतन अग्रवाल, प्रधान मंजू गुर्जर, जिला महामंत्री विनोद अटल, जिला उपाध्यक्ष दीपक सिंघल, उदय सिंह गुर्जर, जिला प्रवक्ता हरिओम पटेल, जिला सह मीडिया प्रमुख धनेश शर्मा, मन की बात जिला प्रभारी डॉ. हेमंत शर्मा और जिला कार्यालय मंत्री मुकेश शर्मा प्रमुखता से उपस्थित रहे।
साथ ही जमनालाल वैष्णव, मंडल अध्यक्ष पुखराज गुर्जर, सुनीता वैष्णव, कमला मीणा, मीनाक्षी जादौन, महेंद्र दीक्षित, रघुनाथ फौजी, रामसिंह खटाना, सूरजमल जाट, डॉ. विजेंद्र गुर्जर, मनोज बंसल, सुरेन्द्र मित्तल, नवल दनगस, रामकेश छंगा, नरेन्द्र हरसाना, चेतराम गुर्जर, ओमी कटारिया, देवेश पितलिया, गोपाल धामोनिया, रामभरोसी वैष्णव, विकास सैनी, हरकेश गुर्जर, ओमप्रकाश पटेल, सोमेश्वर टटवाल, चिरंजी लोधा, मनीष सिंघल, मुकेश प्रजापत, कमलेश महावर और गोविंद गुप्ता सहित व्यापार मंडल समिति, ब्राह्मण समाज, विप्र फाउंडेशन जोन एक-डी, श्याम परिवार, अग्रवाल समाज और भाजपा महिला मोर्चा के अनगिनत कार्यकर्ताओं ने महामहिम का पलक पांवड़े बिछाकर अभिनंदन किया। यह आयोजन न केवल एक राजनैतिक व्यक्तित्व का स्वागत था, बल्कि एक पुराने साथी के प्रति गंगापुर सिटी की कृतज्ञता और प्रेम का प्रतीक बन गया।

Madan Mohan Garg(Gangapur City)
नाम: मदन मोहन गर्ग
वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (दैनिक प्रातःकाल, गंगापुर सिटी)
कार्यक्षेत्र: गंगापुर सिटी विधानसभा क्षेत्र सहित सवाई माधोपुर और करौली जिला
बीट: प्रशासनिक समाचार, सामाजिक कार्यक्रम, जनसमस्याएं एवं सभी क्षेत्र
परिचय
मदन मोहन गर्ग राजस्थान के गंगापुर सिटी क्षेत्र के वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'दैनिक प्रातःकाल' में गंगापुर सिटी के ब्यूरो चीफ के रूप में कार्यरत हैं। उनका मुख्य कार्यक्षेत्र गंगापुर सिटी विधानसभा सहित सवाई माधोपुर और करौली जिला है। वह स्थानीय जनसमस्याओं, प्रशासनिक गतिविधियों, सरकारी योजनाओं और सामाजिक कार्यक्रमों सहित सभी क्षेत्रों की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव
मदन मोहन गर्ग को क्षेत्रीय पत्रकारिता का लंबा अनुभव है। वह साल 2015 से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' समाचार पत्र से जुड़े हुए हैं और क्षेत्र में समाचार संकलन व ब्यूरो संचालन का कार्य संभाल रहे हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
वह उच्च शिक्षित हैं और उनकी शैक्षणिक योग्यता इस प्रकार है:
- बी.ए. (B.A.) और बी.एड. (B.Ed.)
- एम.ए. (M.A.) और एम.एड. (M.Ed. - मास्टर ऑफ एजुकेशन)
