गंगापुर सिटी में गुर्जर समाज ने असामाजिक तत्वों द्वारा समाज की महिलाओं और सम्मानित व्यक्तियों के खिलाफ सोशल मीडिया पर की जा रही अभद्र और आपत्तिजनक टिप्पणियों को लेकर कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। जयपुर रोड बाईपास स्थित भगवान श्री देवनारायण मंदिर, हिंगोटिया में गुर्जर समाज की एक महत्वपूर्ण और निर्णायक बैठक आयोजित हुई, जिसमें हजारों की संख्या में समाज के पंच-पटेलों और युवाओं ने भाग लिया। इस बैठक में समाज के विरुद्ध अनर्गल टिप्पणी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपने का निर्णय लिया गया।

बैठक के पश्चात उप जिला कलेक्टर बृजेंद्र मीना और सदर थानाधिकारी राधा रमण स्वयं देवनारायण मंदिर, हिंगोटिया पहुंचे, जहां समाज के प्रतिनिधियों ने उन्हें ज्ञापन सौंपा। गुर्जर समाज के युवा जिला अध्यक्ष मनोज कुनकटा ने बताया कि सवाई माधोपुर जिले के प्रतिनिधिमंडल ने उप जिला कलेक्टर को ज्ञापन देकर स्पष्ट किया है कि कुछ नामजद व्यक्तियों द्वारा व्हाट्सएप, फेसबुक, सोशल मीडिया और फोन कॉल के माध्यम से गुर्जर समाज की महिलाओं और सम्मानित व्यक्तियों को निशाना बनाया जा रहा है। इन आपत्तिजनक टिप्पणियों से समाज में भारी आक्रोश है और सामाजिक सौहार्द बिगड़ने का खतरा पैदा हो गया है।

प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से मांग की है कि नामजद आरोपियों के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कर उनकी तुरंत गिरफ्तारी की जाए ताकि कानून व्यवस्था बनी रहे और किसी भी अप्रिय घटना को टाला जा सके। ज्ञापन सौंपते हुए समाज ने प्रशासन को 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया है और चेतावनी दी है कि यदि प्रभावी कानूनी कार्रवाई नहीं की गई, तो आम गुर्जर समाज लोकतांत्रिक तरीके से धरना-प्रदर्शन करने और जयपुर-गंगापुर सिटी हाईवे को जाम करने के लिए बाध्य होगा। इस स्थिति में समस्त जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। उप जिला कलेक्टर बृजेंद्र मीना ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया है कि ज्ञापन पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करते हुए संबंधित अधिकारियों को उचित निर्देश दिए जाएंगे।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story