सोमवती अमावस्या के पावन अवसर पर नहर रोड स्थित गोपाल गौशाला में कान्हा गौ सेवा छप्पन भोग समिति के तत्वावधान में गौ माता को समर्पित भव्य छप्पन भोग महोत्सव का आयोजन किया गया। श्रद्धा, सेवा और भक्ति से सराबोर इस आयोजन में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर गौ माता का पूजन-अर्चन किया तथा उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।

कार्यक्रम की शुरुआत सोमवार प्रातः 7 बजे से हुई। समिति के कार्यकर्ताओं ने गौशाला परिसर को स्वागत द्वार, रंगोली, आकर्षक लाइटिंग और सजावट से सुसज्जित किया। इसके बाद गौ माता के लिए फल, हरा चारा और पानी की विशेष व्यवस्था की गई। शाम 4 बजे से आयोजित मुख्य समारोह में सर्वप्रथम हवन-यज्ञ, गौ पूजन तथा कन्या पूजन संपन्न कराया गया। कन्याओं को भोजन कराकर उनका सम्मान भी किया गया।

छप्पन भोग की विशेष झांकी आयोजन का प्रमुख आकर्षण रही। इसमें लगभग पांच क्विंटल हरा चारा, दो क्विंटल सब्जियां, विभिन्न प्रकार के फल, 10 प्रकार की मिठाइयां, 10 प्रकार की नमकीन, 10 प्रकार के अंकुरित अनाज, पुआ-पुड़ी, गुड़, आटा, दलिया, चना दाल सहित कुल 56 प्रकार के खाद्य पदार्थ गौ माता को अर्पित किए गए। श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से हवन कर गौ माता का श्रृंगार एवं पूजन किया। आरती और जयकारों से पूरा गौशाला परिसर एवं समीपस्थ श्याम बाबा मंदिर क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में डूब गया।

समारोह के दौरान ग्वालों को भेंट स्वरूप वस्त्र भी प्रदान किए गए। वहीं गोपाल गौशाला समिति के सदस्यों विजय गोयल एवं प्रेम शंकर उपाध्याय सहित अन्य पदाधिकारियों ने गौ माता से प्राप्त एवं निर्मित उत्पादों जैसे घी, दूध, धूपबत्ती, हवन सामग्री और गोमूत्र की प्रदर्शनी लगाकर आमजन को इनके उपयोग और लाभों की जानकारी दी।

कार्यक्रम में संरक्षक दिनेशचंद तंबोलीपुरा, अध्यक्ष वेदप्रकाश मेडिकल, संयोजक पदमा अग्रवाल, रेनू आर्य, वेदप्रकाश मंगल, दिनेशचंद रीडर, नवल बैंक वाले, अशोक मंगल, ओमप्रकाश गुप्ता, सुरेश टेंट वाले, अंकित गोयल, योगेंद्र आर्य, महेश मच्छीपुरा, नागेश शर्मा, जगदीश बंसल, पंकज अग्रवाल, आदर्श अग्रवाल, हेमलता सिंगल, तारा देवी और मिथिलेश बंसल सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे।

समिति द्वारा पूर्व विधायक मानसिंह गुर्जर, सभापति शिवरतन अग्रवाल, उप जिला कलेक्टर विजेंद्र मीणा, पूर्व सभापति हरिप्रसाद बौहरा, तरुण जैन, विजय गोयल और प्रेमशंकर उपाध्याय सहित अन्य अतिथियों का दुपट्टा ओढ़ाकर सम्मान किया गया। अपने संबोधन में अतिथियों ने गौ सेवा को सर्वोच्च सेवा बताते हुए कहा कि गौ आधारित प्राकृतिक खेती और जैविक खाद मानव स्वास्थ्य तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने गौ सेवा को नारायण सेवा के समान बताते हुए समाज से इस दिशा में सक्रिय योगदान का आह्वान किया।

महोत्सव में शहर भर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। गिर्राज प्रसाद, प्रेमचंद तलवाड़ा, राधामोहन गोयल, ताराचंद गोयल, राजीव पालीवाल, राहुल अग्रवाल, कौशल बौहरा, अजीत जैन, इंद्रलाल, रमेशचंद्र रौसी वाले, मनीष जैन सहित अनेक भक्तों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर गौ माताओं को हरा चारा एवं छप्पन भोग अर्पित किया। अंत में आयोजित भंडारे में श्रद्धालुओं ने पंगत में बैठकर प्रसादी ग्रहण की।

गौ सेवा, धार्मिक आस्था और सामाजिक सहभागिता के समन्वय से आयोजित यह महोत्सव श्रद्धालुओं के लिए आध्यात्मिक अनुभूति और जनजागरण का महत्वपूर्ण अवसर बन गया।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story