गंगापुर सिटी में 27 अप्रैल 2026 को गौ सम्मान आह्वान अभियान के तहत व्यापक जनआंदोलन की तैयारी तेज हो गई है। इस अभियान के अंतर्गत पुरानी अनाज मंडी स्थित सीताराम जी के मंदिर में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें अभियान की रणनीति और उद्देश्य स्पष्ट किए गए।

बैठक में तहसील गौ प्रचारक एवं गौ सेवक गोविंद नारायण शर्मा ने जानकारी दी कि गौ सम्मान आह्वान अभियान का मुख्य उद्देश्य केंद्र सरकार और देश की सभी राज्य सरकारों से संविधान के दायरे में रहकर अहिंसक तरीके से प्रार्थना कर गौ माता को सेवा, सुरक्षा और सम्मान दिलाना है। साथ ही गौ माता को राष्ट्र माता का मौलिक अधिकार प्रदान करवाने की मांग भी इस अभियान का प्रमुख लक्ष्य है।

उन्होंने बताया कि गौ माता को पूर्ण सुरक्षा प्रदान करने, गौ हत्या से बचाने तथा गौ हत्या प्रतिबंध कानून लागू करने के समर्थन में समस्त संत समाज और गौ सेवकों द्वारा यह अभियान पूरे देश में चलाया जा रहा है। गौ सेवक गोविंद नारायण शर्मा और कृपा शंकर जी ने यह भी बताया कि संपूर्ण भारतवर्ष में हस्ताक्षर अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें जो भी व्यक्ति गौ माता के समर्थन में जुड़ना चाहता है, वह हस्ताक्षर कर और मोबाइल नंबर 9067777323 पर मिस कॉल देकर इस अभियान का हिस्सा बन सकता है।

अभियान के तहत एकत्रित हस्ताक्षर प्रतिलिपियां भारत के प्रत्येक तहसील और जिला कार्यालय में संत समाज और गौ सेवकों द्वारा प्रस्तुत की जाएंगी। 27 अप्रैल 2026 को देशभर में अपने-अपने क्षेत्रों के तहसील और जिला प्रशासन अधिकारियों को गौ माता की सुरक्षा और सम्मान के लिए ज्ञापन सौंपा जाएगा। इस ज्ञापन के माध्यम से प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री, राज्यपाल और राष्ट्रपति महोदय से गौ माता को जल्द से जल्द राष्ट्र माता का दर्जा घोषित करने का निवेदन किया जाएगा।

गौ सेवक गोविंद नारायण शर्मा ने कहा कि जब तक गौ हत्या प्रतिबंध कानून लागू नहीं होता और गौ माता को राष्ट्रीय माता घोषित नहीं किया जाता, तब तक हिंदू संस्कृति को खतरा बना रहेगा। उन्होंने गंगापुर सिटी नगर परिषद क्षेत्र के कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि 27 अप्रैल को प्रातः 9:00 बजे पुरानी अनाज मंडी स्थित सीताराम जी के मंदिर पर एकत्रीकरण होगा। इसके बाद गौ माता के साथ संत समाज और नगरवासी मुख्य बाजारों से होते हुए एडीएम कार्यालय पहुंचेंगे और वहां ज्ञापन प्रस्तुत करेंगे।

अंत में सभी हिंदू धर्मावलंबियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर गौ माता को सम्मान दिलाने और इस ज्ञापन अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया गया। यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था बल्कि सामाजिक और सांस्कृतिक मुद्दों को लेकर व्यापक जनसहभागिता का संकेत दे रहा है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story