गंगापुर सिटी। भगवान गणेश की भक्ति और आस्था में शुक्रवार को पूरा गंगापुर सिटी डूबा नजर आया। श्री गणेश महोत्सव समिति की ओर से गणेश विसर्जन के अवसर पर भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। उदेई मोड़ से लेकर फव्वारा चौक तक यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं की भीड़ रही। भगवान गणेश की एक झलक पाने के लिए लोग घंटों पहले ही घरों की छतों, दुकानों और मार्ग के दोनों ओर डट गए।

शोभायात्रा सुबह करीब 11 बजे पुरानी अनाज मंडी से शुरू हुई। इससे पहले पंडितों ने भगवान गणेश की प्रतिमा की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इसके बाद फूलों से सजे भव्य रथ में गणेश प्रतिमा को विराजमान कर शोभायात्रा रवाना हुई। कोली पाड़ा सहित शहर की विभिन्न कॉलोनियों से निकली गणेश प्रतिमाएं भी व्यापार मंडल तिराहे पर मुख्य शोभायात्रा में शामिल हुईं। इसके बाद शोभायात्रा ने विशाल रूप ले लिया।

डीजे, बैंडबाजे और ढोल-नगाड़ों की धुन पर युवा जमकर नाचते-गाते नजर आए। जगह-जगह युवाओं और श्रद्धालुओं ने ‘गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आना’ के जयघोष लगाए। जयकारों से पूरा शहर गणपतिमय हो उठा। कई स्थानों पर शहरवासियों ने शोभायात्रा पर पुष्पवर्षा कर श्रद्धालुओं का स्वागत किया। मार्ग में जगह-जगह जलपान, ठंडाई और अल्पाहार की व्यवस्थाएं भी की गईं।

शोभायात्रा में देवी-देवताओं की आकर्षक झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। घोड़े-ऊंट और अखाड़ेबाजों द्वारा प्रस्तुत किए गए करतब देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग मार्ग के दोनों ओर जमा रहे। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में शोभायात्रा को लेकर उत्साह नजर आया। श्रद्धालु भगवान गणेश के दर्शन कर आशीर्वाद लेते रहे।

शोभायात्रा व्यापार मंडल, देवी स्टोर चौराहा, खारी बाजार, बालाजी चौक, घास मंडी, पटवा बाजार, सब्जी मंडी, बद्रीनाथ मंदिर, पुरानी नगर पालिका, मालगोदाम रोड, सोनी चौराहा, बजरिया, कचहरी रोड, फव्वारा चौक और उदेई मोड़ होते हुए सालोदा-कैलादेवी मंदिर पहुंची। रास्ते में कई मंदिरों पर भगवान गणेश की पूजा-अर्चना की गई।

चौपड़ के पास दुकानों के आगे लगे टीनशेड के कारण गणेश प्रतिमा के रथ को आगे निकालने में परेशानी हुई। इससे कुछ समय के लिए शोभायात्रा की गति प्रभावित हुई। आयोजकों और अन्य लोगों ने काफी प्रयास के बाद रथ को सावधानीपूर्वक धीरे-धीरे आगे निकाला, जिसके बाद शोभायात्रा पुनः अपने मार्ग पर आगे बढ़ी।

दिनभर आसमान में बादल छाए रहने से मौसम सुहावना बना रहा। हालांकि शोभायात्रा में उमड़ी भीड़ और लगातार नाचते-गाते चलने के कारण बड़ी संख्या में श्रद्धालु पसीने से भीगे नजर आए। पूरे मार्ग में भक्ति, उत्साह और उल्लास का माहौल बना रहा। देर शाम गणेश प्रतिमा की विसर्जन यात्रा कैलादेवी कालीसिल के लिए रवाना हुई।

विशाल शोभायात्रा को देखते हुए पुलिस और प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए। एडीएम सुदर्शन सिंह तोमर, एसडीएम विनोद कुमार, एएसपी नारायण शर्मा, तहसीलदार सुनील बिश्नोई, थानाधिकारी करण सिंह राठौड़, नगर परिषद आयुक्त दीपक चौहान सहित पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी व्यवस्थाओं की निगरानी करते नजर आए। सुरक्षा व्यवस्था के साथ यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए भी पुलिसकर्मी विभिन्न स्थानों पर तैनात रहे। इस तरह गणेश विसर्जन शोभायात्रा के दौरान गंगापुर सिटी में देर शाम तक भक्ति, उल्लास और श्रद्धा का माहौल बना रहा।

Madan Mohan Garg(Gangapur City)

Madan Mohan Garg(Gangapur City)

नाम: मदन मोहन गर्ग

वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (दैनिक प्रातःकाल, गंगापुर सिटी)

कार्यक्षेत्र: गंगापुर सिटी विधानसभा क्षेत्र सहित सवाई माधोपुर और करौली जिला

बीट: प्रशासनिक समाचार, सामाजिक कार्यक्रम, जनसमस्याएं एवं सभी क्षेत्र

परिचय 

मदन मोहन गर्ग राजस्थान के गंगापुर सिटी क्षेत्र के वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'दैनिक प्रातःकाल' में गंगापुर सिटी के ब्यूरो चीफ के रूप में कार्यरत हैं। उनका मुख्य कार्यक्षेत्र गंगापुर सिटी विधानसभा सहित सवाई माधोपुर और करौली जिला है। वह स्थानीय जनसमस्याओं, प्रशासनिक गतिविधियों, सरकारी योजनाओं और सामाजिक कार्यक्रमों सहित सभी क्षेत्रों की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव

मदन मोहन गर्ग को क्षेत्रीय पत्रकारिता का लंबा अनुभव है। वह साल 2015 से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' समाचार पत्र से जुड़े हुए हैं और क्षेत्र में समाचार संकलन व ब्यूरो संचालन का कार्य संभाल रहे हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

वह उच्च शिक्षित हैं और उनकी शैक्षणिक योग्यता इस प्रकार है:

  • बी.ए. (B.A.) और बी.एड. (B.Ed.)
  • एम.ए. (M.A.) और एम.एड. (M.Ed. - मास्टर ऑफ एजुकेशन)

Next Story