गंगापुर सिटी: नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर में सैकड़ों लोगों ने कराई जांच
गंगापुर सिटी के संकट मोचन हनुमान मंदिर में आयोजित शिविर में 500 से अधिक लोगों ने शुगर, थायराइड और नेत्र संबंधी निशुल्क स्वास्थ्य परामर्श का लाभ उठाया।

गंगापुर सिटी में आयोजित स्वास्थ्य शिविर में जांच करते स्वास्थ्यकर्मी और कार्यक्रम में उपस्थित अतिथि,
स्वास्थ्य के प्रति बढ़ती जागरूकता के बीच रविवार को शहर के नहर रोड स्थित संकट मोचन हनुमान जी मंदिर, धन्वन्तरी नगर में एक विशाल नि:शुल्क स्वास्थ्य एवं नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में गंगापुर सिटी शहर एवं आसपास के क्षेत्रों से आए सैकड़ों लोगों ने भाग लिया और विभिन्न स्वास्थ्य जांचों का लाभ उठाया।
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान धन्वंतरि के चित्रपट के समक्ष दीप प्रज्वलित कर विधिवत किया गया। शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की टीम द्वारा स्वास्थ्य सेवाओं का संचालन किया गया। इस दौरान करीब 500 लोगों की शुगर, लिपिड प्रोफाइल, थायराइड, कैल्शियम, सीबीसी, यूरिक एसिड, ब्लड प्रेशर, वजन तथा नेत्र जांच सहित विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी जांचें नि:शुल्क की गईं। जांच के पश्चात उपस्थित चिकित्सकों द्वारा मरीजों को स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श भी प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भारतीय श्रमिक कामगार कर्मचारी महासंघ (भारतीय जनता पार्टी) के प्रदेश अध्यक्ष आर्यन शर्मा उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में जिला अस्पताल गंगापुर सिटी के पीएमओ डॉ. विजेंद्र गुप्ता, डॉ. हेमंत शर्मा, अग्रवाल समाज के जिला अध्यक्ष गोविंद बरनाला, महिला जिला अध्यक्ष रेखा गुप्ता, जमनालाल वैष्णव, विनोद अटल, मनोज बंसल, मिथलेश व्यास, ओम कटारिया, रेनू आर्य, राधा मोहन गोयल एवं विजय गोयल सहित कई गणमान्य नागरिक शामिल हुए।
अतिथियों ने अपने संबोधन में बदलती जीवनशैली के कारण बढ़ रही स्वास्थ्य समस्याओं पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि समय-समय पर स्वास्थ्य जांच शिविरों का आयोजन अत्यंत आवश्यक है, ताकि बीमारियों का प्रारंभिक अवस्था में पता लगाया जा सके और लोगों में स्वास्थ्य के प्रति चेतना जागृत हो। शिविर में लोगों की उत्साहपूर्ण भागीदारी को देखते हुए वक्ताओं ने कहा कि अब आमजन अपने स्वास्थ्य के प्रति पहले से अधिक सजग हो रहे हैं। अतिथियों ने कार्यक्रम संयोजक समाजसेवी विजय गुप्ता (विक्की) एवं पूरी आयोजन समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्यक्रमों के आयोजन पर जोर दिया।
स्थानीय नागरिकों ने इस सेवाभावी पहल के लिए आयोजकों का आभार प्रकट किया। शिविर स्थल पर दिनभर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लेने वालों की भीड़ रही, जिससे पूरे परिसर में उत्साह का वातावरण बना रहा। इस आयोजन को सफल बनाने में संजय राखी, कपिल जांगिड़, मनीष गोयल, अंकित, घनश्याम खिरकड़ा, विजय, प्रेमचंद तलावड़ा, लोकेश सोगानी सहित अनेक नागरिकों का सराहनीय योगदान रहा।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
