गंगापुर सिटी में EWS को निकाय-पंचायत चुनावों में 10% आरक्षण की मांग, सौंपा ज्ञापन
गंगापुर सिटी में सवर्ण संघर्ष समिति ने EWS वर्ग को निकाय और पंचायत चुनावों में 10 प्रतिशत आरक्षण देने की मांग उठाई। समिति ने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर आर्थिक रूप से पिछड़ा बोर्ड गठन की मांग भी रखी।

तस्वीर में सवर्ण संघर्ष समिति के प्रतिनिधि गंगापुर सिटी में उप जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपते हुए नजर आ रहे हैं।
गंगापुर सिटी में आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) को आगामी निकाय एवं पंचायत चुनावों में 10 प्रतिशत सीटों पर आरक्षण देने की मांग को लेकर सवर्ण संघर्ष समिति ने आवाज उठाई। शुक्रवार को समिति के बैनर तले सवर्ण समाज के लोगों ने प्रदर्शन किया और मुख्यमंत्री के नाम उप जिला कलेक्टर बृजेंद्र मीना को ज्ञापन सौंपा।
प्रदर्शन के बाद समिति के प्रतिनिधिमंडल ने उप जिला कलेक्टर बृजेंद्र मीना को सौंपे ज्ञापन में कहा कि प्रदेश में निकाय एवं पंचायत चुनाव प्रस्तावित हैं और चुनाव कार्यक्रम शीघ्र घोषित होने की संभावना है। सरकार विभिन्न वर्गों को आरक्षण का लाभ दे रही है, लेकिन आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग को स्थानीय निकाय एवं पंचायत चुनावों में जनसंख्या के अनुरूप प्रतिनिधित्व नहीं मिल पा रहा है।
समिति ने मांग की कि ईडब्ल्यूएस वर्ग को भी निकाय एवं पंचायत चुनावों में 10 प्रतिशत आरक्षण प्रदान किया जाए, जिससे ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को जनप्रतिनिधि बनने का अवसर मिल सके।
ज्ञापन में समिति ने आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के सर्वांगीण विकास, समस्याओं के समाधान और सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए शीघ्र आर्थिक रूप से पिछड़ा बोर्ड गठित करने की मांग भी रखी। समिति का कहना है कि इससे इस वर्ग के हितों की रक्षा होने के साथ शासन-प्रशासन में उनकी भागीदारी भी सुनिश्चित होगी।
ज्ञापन सौंपने वालों में महेंद्र गर्ग, महेशपाल सिंह जादौन, हेमेंद्र बोहरा, गोपाल दीक्षित, डॉ. अनुज शर्मा, महेंद्र लोढ़ी, कुलदीप जैमिनी, राधामोहन, कौशल शर्मा, महेश कैमला, सुरेशचंद, हरकिशन भारद्वाज, विजेंद्र शर्मा, डॉ. मनोज शर्मा, महेश शर्मा, ललित मोहन, चंद्रप्रकाश शर्मा, राजेंद्र नरूका, घनश्याम सहित समिति के पदाधिकारी एवं समाज के अनेक लोग उपस्थित रहे। ईडब्ल्यूएस आरक्षण और आर्थिक रूप से पिछड़ा बोर्ड गठन की मांग को लेकर सौंपा गया यह ज्ञापन अब स्थानीय स्तर पर चर्चा का विषय बना हुआ है।

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur
नाम: हरक चंद जैन
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)
परिचय
हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:
- दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
- अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।
