गंगापुर सिटी में ईद उल अजहा पर उमड़ा हुजूम, विधायक रामकेश मीणा ने दी बधाई
मिर्जापुर ईदगाह और जामा मस्जिद में नमाज अदा कर देश में अमन-चैन की दुआ मांगी गई, विधायक ने गले मिलकर दी मुबारकबाद।

गंगापुर सिटी के मिर्जापुर ईदगाह में ईद उल अजहा के मौके पर मुस्लिम समाज के लोगों से गले मिलकर शुभकामनाएं देते हुए विधायक रामकेश मीणा और अन्य गणमान्य नागरिक।
गुरुवार को ईद उल अजहा का पर्व शहर में पारंपरिक श्रद्धा, उत्साह और धार्मिक आस्था के साथ मनाया गया। मुस्लिम समाज के लोगों ने ईदगाहों और मस्जिदों में नमाज अदा कर देश में अमन-चैन, भाईचारे और खुशहाली की दुआ मांगी। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी और सौहार्द का संदेश दिया।
मिर्जापुर के पास स्थित ईदगाह में शहर काजी शाहिद अली ने ईद की नमाज अदा कराई। इस दौरान हजारों की संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने सजदे में सिर झुकाकर अल्लाह की इबादत की। नमाज के बाद अपने संबोधन में शहर काजी शाहिद अली ने कहा कि पैगंबर इब्राहीम अलैहिस्सलाम ने पूरी जिंदगी हक और इंसानियत के रास्ते पर चलने का संदेश दिया। उन्होंने लोगों से बुराइयों से बचकर अच्छाइयों को अपनाने का आह्वान किया।
शहर की जामा मस्जिद में पेश इमाम रेहान खां ने ईद की नमाज अदा कराई। इस मौके पर बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोग मौजूद रहे। शौकत अली, युवा नेता एवं सोशल मीडिया प्रभारी गंगापुर सिटी ने बताया कि विधायक रामकेश मीणा भी ईदगाह पहुंचे और मुस्लिम समाज के लोगों से गले मिलकर ईद की शुभकामनाएं दीं।
ईद उल अजहा के अवसर पर शहर में धार्मिक सौहार्द, भाईचारे और सामाजिक एकता का वातावरण देखने को मिला। लोगों ने एक-दूसरे की खुशहाली और देश में अमन-शांति की दुआ करते हुए पर्व को उल्लासपूर्वक मनाया।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
