गंगापुर सिटी: जिला स्तरीय शिक्षक क्रीड़ा एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिता शुरू
पीएम श्री स्कूल में प्रतियोगिता का आगाज, उद्घाटन मैच में बामनवास ने सवाई माधोपुर को कबड्डी में हराया।

तस्वीर में गंगापुर सिटी स्थित सरकारी स्कूल परिसर में लोग आपस में बातचीत करते हुए।
गंगापुर सिटी स्थित पी एम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में 16 सितंबर 2026 को 37वीं जिला स्तरीय शिक्षक क्रीड़ा एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिता का समारोहपूर्वक शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न ब्लॉकों से पुरुष एवं महिला शिक्षक संभागियों ने खेलकूद और सांस्कृतिक गतिविधियों में भाग लिया।
पुरुष वर्ग में कबड्डी, वॉलीबॉल, बैडमिंटन, शतरंज, टेबल टेनिस तथा एथलेटिक्स इवेंट्स आयोजित किए गए। इसके साथ ही पुरुष संभागियों ने सांस्कृतिक गतिविधियों में भी हिस्सा लिया। महिला संभागियों ने सीधे जिला स्तर पर बैडमिंटन, टेबल टेनिस, शतरंज तथा एथलेटिक्स इवेंट्स के अलावा एकल गान, समूह नृत्य, समूह गान, विचित्र वेशभूषा आदि सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लिया।
उद्घाटन सत्र में प्रतियोगिता की संयोजक एवं प्रधानाचार्य श्रीमती राजेंद्री मीणा ने कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क निवास करता है। उन्होंने सभी शिक्षक संभागियों से खेल को खेल की भावना से खेलने तथा स्वयं के साथ-साथ बेहतरीन खेल प्रतिभाओं का भी निर्माण करने की अपील की।
श्रीमती राजेंद्री मीणा ने ध्वजारोहण कर प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। इसके बाद संभागियों को शपथ ग्रहण करवाई गई। उद्घाटन मैच कबड्डी में बामनवास ब्लॉक और सवाई माधोपुर ब्लॉक के बीच हुआ। मुकाबले में बामनवास ने सवाई माधोपुर को 25-18 अंकों से हराया।
इस अवसर पर पर्यवेक्षक श्री मुजम्मिल हुसैन, व्याख्याता शारीरिक शिक्षा एवं प्रतियोगिता के संयोजक प्रभारी करण फूल मीना, व्याख्याता शारीरिक शिक्षा, श्री विजय सिंह गुर्जर, प्रधानाचार्य राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय गंगापुर सिटी एवं श्री तेज सिंह जाट, प्रभारी खेलकूद प्रकोष्ठ प्रारंभिक शिक्षा सवाई माधोपुर मौजूद रहे।
कार्यक्रम में श्री कमलेश शर्मा, प्रधानाचार्य एवं श्रीमती अनीता शर्मा, शकुंतला जाट, पिंटी मीणा, इमरान खान, शफी मोहम्मद, मीठालाल मीणा, जिला अध्यक्ष शंभू दयाल मीणा सहित जिले भर से लगभग 150 संभागियों ने भाग लिया। मंच संचालन फरमान अहमद ने किया। प्रतियोगिता के उद्घाटन के साथ शिक्षक संभागियों की खेल एवं सांस्कृतिक प्रतिभाओं को जिला स्तर पर मंच मिला।

Madan Mohan Garg(Gangapur City)
नाम: मदन मोहन गर्ग
वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (दैनिक प्रातःकाल, गंगापुर सिटी)
कार्यक्षेत्र: गंगापुर सिटी विधानसभा क्षेत्र सहित सवाई माधोपुर और करौली जिला
बीट: प्रशासनिक समाचार, सामाजिक कार्यक्रम, जनसमस्याएं एवं सभी क्षेत्र
परिचय
मदन मोहन गर्ग राजस्थान के गंगापुर सिटी क्षेत्र के वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'दैनिक प्रातःकाल' में गंगापुर सिटी के ब्यूरो चीफ के रूप में कार्यरत हैं। उनका मुख्य कार्यक्षेत्र गंगापुर सिटी विधानसभा सहित सवाई माधोपुर और करौली जिला है। वह स्थानीय जनसमस्याओं, प्रशासनिक गतिविधियों, सरकारी योजनाओं और सामाजिक कार्यक्रमों सहित सभी क्षेत्रों की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव
मदन मोहन गर्ग को क्षेत्रीय पत्रकारिता का लंबा अनुभव है। वह साल 2015 से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' समाचार पत्र से जुड़े हुए हैं और क्षेत्र में समाचार संकलन व ब्यूरो संचालन का कार्य संभाल रहे हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
वह उच्च शिक्षित हैं और उनकी शैक्षणिक योग्यता इस प्रकार है:
- बी.ए. (B.A.) और बी.एड. (B.Ed.)
- एम.ए. (M.A.) और एम.एड. (M.Ed. - मास्टर ऑफ एजुकेशन)
