गंगापुर सिटी, 20 मार्च। दिगंबर जैन सोशल ग्रुप गंगापुर सिटी का 18वां स्थापना दिवस एवं शपथ ग्रहण समारोह दिगंबर जैन मंदिर नसियां जी में अत्यधिक भव्यता के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि, जैन समाज के गौरव और दिगंबर जैन राष्ट्रीय कार्य अध्यक्ष सुरेंद्र मृदुला जैन पांड्या द्वारा महामंत्र नमोकार के सामूहिक उच्चारण के साथ ध्वजारोहण कर किया गया। समारोह में पधारे अतिथि सुरेंद्र मृदुला पांड्या, राष्ट्रीय कार्याध्यक्ष यश कमल अजमेरा, राष्ट्रीय अतिरिक्त महासचिव राजेश जैन बड़जात्या एवं राजस्थान रीजन के अध्यक्ष सुनील जैन बज सहित सभी अतिथियों और ग्रुप सदस्य परिवार जनों का तिलक लगाकर व माला पहनाकर आत्मीय स्वागत किया गया।

भक्तिमय आराधना और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां

वात्सल्य भोज के पश्चात जिनेंद्र भगवान की 251 दीपकों से सामूहिक आरती की गई, जहाँ श्रद्धालुओं ने "बाजे छम छम" की मधुर धुन पर झूमते हुए जिनेंद्र प्रभु की आराधना की। स्थापना दिवस एवं शपथ ग्रहण समारोह की शुरुआत में अतिथियों द्वारा भगवान महावीर स्वामी के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन किया गया। इसके उपरांत ग्रुप सदस्यों ने सभी अतिथियों का माला, स्मृति चिन्ह और दुपट्टा भेंट कर अभिनंदन किया। ग्रुप प्रस्तावना के तहत राष्ट्रीय कार्य समिति सदस्य नरेंद्र जैन ने सभी का स्वागत करते हुए गंगापुर सिटी दिगंबर जैन सोशल ग्रुप द्वारा किए जा रहे कार्यों पर विस्तार से चर्चा की। वर्ष 2024, 25, 26 की ग्रुप रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए निवर्तमान अध्यक्ष कृष्ण कुमार जैन ने अपने कार्यकाल में मिले सहयोग के लिए सभी का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर ग्रुप की महिलाओं और बच्चों ने शानदार नृत्य प्रस्तुतियां देकर समां बांध दिया।

संगठन की शक्ति और सामाजिक सरोकार

मुख्य अतिथि सुरेंद्र जैन पांड्या ने समारोह का उद्घाटन करते हुए कहा कि "आज आवश्यकता है कि हम सब साधर्मी बंधु एकजुट होकर समाज हित में, देशहित में और धर्म हित में कार्य करें। आज दिगंबर जैन सोशल ग्रुप की 350 शाखाएं वट वृक्ष के रूप में पूरे देश में हैं, यह संगठन सामाजिक सरोकारों के कार्यों के आयोजनों के कारण अपनी विशेष पहचान बन चुका है।" उन्होंने गंगापुर सिटी ग्रुप द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों की मुक्तकंठ से प्रशंसा की। कार्यक्रम में निवर्तमान कार्यकारिणी का स्वागत कर उन्हें श्रेष्ठ कार्यकाल के लिए विदाई दी गई। राष्ट्रीय अतिरिक्त महासचिव राजेश बड़जात्या ने संगठन में पदों के दायित्वों पर विस्तार से प्रकाश डाला और नव मनोनीत पदाधिकारियों को शपथ दिलाने के लिए शपथ विधि अधिकारी यशकमल अजमेरा को आमंत्रित किया।

गरिमामय शपथ ग्रहण समारोह

शपथ विधि अधिकारी यश कमल अजमेरा ने संगीत की मधुर धुन पर एक अनोखे अंदाज में शपथ ग्रहण कार्यक्रम संपन्न करवाया। उन्होंने ग्रुप अध्यक्ष नरेंद्र नीता जैन, ग्रुप सचिव महेश माया जैन, उपाध्यक्ष रमेश शकुंतला जैन, संयुक्त सचिव प्रवीण सुनीता जैन, संगठन सचिव ज्ञानेंद्र लक्ष्मी जैन, महिला प्रभारी मोनिका जैन, सांस्कृतिक सचिव वीरेंद्र प्रीति सोनी, सह सांस्कृतिक सचिव निलेश दीप्ति जैन व दीपेंद्र नीरू जैन पाटनी को पद की शपथ दिलाई। साथ ही कार्यकारिणी सदस्य के रूप में जगदीश चंद्रेश जैन, मनोज अंजू जैन साह, राकेश अल्पना जैन और डॉक्टर मानव सोनिया जैन ने शपथ ली। सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का माला पहनाकर जोरदार स्वागत किया गया। रीजन अध्यक्ष सुनील जैन बज ने नई कार्यकारिणी को बधाई देते हुए भविष्य में बेहतरीन आयोजन करने का आह्वान किया।

भावी योजनाएं और सेवा का संकल्प

अध्यक्ष पद की शपथ लेने के बाद नरेंद्र जैन 'नृपत्या' ने अपने प्रथम संबोधन में कहा कि "आने वाले समय में हमारी प्राथमिकता ग्रुप में महिलाओं को प्रतिनिधित्व देने की रहेगी, साथ ही ग्रुप के माध्यम से हम दिगंबर जैन संतों की सेवा के लिए कार्य योजना बनाने जा रहे हैं। श्री महावीर जी से सवाई माधोपुर के बीच गंगापुर सिटी महत्वपूर्ण जगह है, जहाँ साधु संतों का आवागमन रहता है, अतः उनके मंगल विहार, प्रवास और आहार व्यवस्था में ग्रुप का दायित्व सुनिश्चित होना चाहिए।" रीजन सह सचिव डॉ. मनोज जैन ने सभी का धन्यवाद करते हुए 29 मार्च को महावीर जयंती पर वर्धमान हॉस्पिटल में आयोजित रक्तदान शिविर में अधिक से अधिक रक्तदान करने का आह्वान किया। कार्यक्रम का कुशल संचालन श्रीमती मोनिका जैन द्वारा किया गया। इस अवसर पर सतीश जैन पांड्या, सुभाष जैन पांड्या, प्रवीण जैन गंगवाल सहित सैकड़ों की संख्या में समाजजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन शांति पाठ के साथ हुआ।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story